दिल्ली: वेलकम इलाके में एक युवा लड़के की नाबालिग ने चाकू मारकर की हत्या, मकसद जानकर रह जाएंगे हैरान

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (22 नवंबर 2023): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के वेलकम इलाके में चाकूबाजी की घटना सामने आई है। वेलकम इलाके में एक नाबालिग लड़के ने एक युवा लड़के की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। आरोपी नाबालिग लड़के की उम्र 16 साल है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल दिल्ली पुलिस इस मामले में हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच कर रही है। मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी का मकसद डकैती की वारदात को अंजाम देना था।

इस मामले में जानकारी देते हुए नॉर्थ ईस्ट के डीसीपी जॉय टिर्की ने बुधवार को कहा कि “हमें जानकारी मिली कि एक लड़के को चाकू मार दिया गया है। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई और आरोपी की पहचान की गई। वह 16 साल का लड़का है। इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है। मकसद डकैती था। आरोपी पैसे चुराने की कोशिश कर रहा था। जब पीड़ित ने विरोध किया तो पहले उसका मुंह दबाया और फिर चाकू मार दिया। हमने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आगे की जांच चल रही है।”