विकसित देश की राजधानी भी विकसित होनी चाहिए : प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी | दिल्ली रैली – टेन न्यूज विशेष रिपोर्ट

रंजन अभिषेक , संवाददाता
टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (19 मई 2024): राजधानी दिल्ली में लोकसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। शनिवार को घोंडा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत करतार नगर डीडीए यमुना खादर में पीएम मोदी ने “विजय संकल्प सभा” को संबोधित किया। पीएम को सुनने के लिए भारी संख्या में महिलाएं, युवा और कार्यकर्ता समर्थक सभा स्थल पर पहुंचे। पीएम मोदी के आगमन को लेकर सभा स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से चुस्त-दुरुस्त रही।

 

पीएम के संबोधन के बाद बदल गया माहौल

पीएम मोदी ने मंच से शानदार उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए कहा कि, यहां उपस्थित सभी भाइयों एवं बहनों को मेरा नमस्कार। मोदी ने कहा कि, दिल्ली के लाल किले से मैंने कहा था “यही समय है, सही समय है”, आज 21वीं सदी के भारत के सामने सबसे अनमोल समय है।

पीएम ने आगे कहा कि, आपका प्यार, आपका आशीर्वाद, आपका उत्साह और आपका उमंग सर आंखों पर है। साथियों ये सही समय है जब भारत एक लंबी छलांग लगा रहा है। 2024 का ये चुनाव भारत को टॉप इकोनॉमी में लाने का चुनाव है, यह भारत के गरीबों और मध्यम वर्गों के लिए उनके जीवन को आसान बनाने के लिए उनके जीवन में खुशियां मनाने का चुनाव है। पीएम ने आगे कहा कि, “ये चुनाव उन ताकतों से बचाने के लिए है जो उनकी संपत्ति छीन लेना चाहते हैं।”, 2024 का ये चुनाव भारत के युवाओं के लिए अवसर बनाने का चुनाव है।

पीएम ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि, 2024 का ये चुनाव उस परंपरा को भी हराने का चुनाव है, जिसमें भाई -भतीजावाद और परिवारवाद के चलते भारत के युवाओं का भविष्य बर्बाद करके रख दिया। उन ताकतों को हराने का चुनाव है जो भारत को कमज़ोर करना चाहती है, भारत में एक मजबूत सरकार चाहिए। देश की राजधानी को दुनिया में प्रतिष्ठा मिलनी चाहिए। दुनिया में प्रतिष्ठा का केंद्र बने इसलिए ” फिर एकबार मोदी सरकार” जरूरी है।

140 करोड़ ही मेरा परिवार है: पीएम मोदी

पीएम ने अपने संबोधन में कहा कि, मुझे ईश्वर ने देश के विकास के लिए और आपकी सेवा के लिए भेजा है। 50-60 साल पहले मैंने अपना घर छोड़ दिया था। 50 साल पहले जब मैंने घर छोड़ा था तो सबकुछ छूट गया, लेकिन मुझे उस दिन पता नहीं था की एक दिन 140 करोड़ ही मेरा परिवार बन जाएगा। पीएम ने आगे कहा कि, मैं ना अपने लिए जिया हूं, ना ही जिऊंगा। पीएम मोदी ने कहा कि मैं आपके बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए खुद को खपा रहा हूं। मेरा कोई मालिक नहीं है, 140 करोड़ लोग ही मेरे मालिक हैं। मेरा हर पल आपके लिए है और देश के लिए है।

 

विकसित देश की राजधानी भी विकसित होनी चाहिए

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि विकसित देश की राजधानी भी विकसित होनी चाहिए। G20 का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, आपने देखा होगा G20 की दुनिया भर में चर्चा हुई। देश का दुर्भाग्य देखिए जब तक मोदी नहीं आया दिल्ली में बैठी सरकारों को 20 जवानों की शहीद का महत्व नहीं समझ आया। देश में लोगों की सुरक्षा करते हुए 35 हजार जवान शहीद हो गए लेकिन उन्हें पुलिस मेमोरियल बनवाने के लिए 70 साल का इंतजार करना पड़ा। एक परिवार के लिए सबकुछ हुआ लेकिन देश के लिए कुछ नहीं हुआ।

आगे पीएम ने कहा कि, मोदी है तो लोकतंत्र जिंदा है। मोदी लोकतंत्र के लिए खपता है , लोकतंत्र के लिए ऐसे अनेक स्मारक बनाए गए हैं।

पीएम ने दिल्ली में विकास कार्यों का किया उल्लेख

पीएम मोदी ने कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि 2014 में दिल्ली में जितना मेट्रो नेटवर्क था आज लगभग उसका दोगुना नेटवर्क बना है। आज दिल्ली में जितने बसें चल रही है, पर्यावरण प्रदूषण से मुक्ति के लिए केंद्र सरकार ने सैकड़ों बसें दी है। मोदी दिल्ली के हर गरीब का जीवन को सुखी बनाने में जुटा हुआ है।

 

आप -कांग्रेस गठबंधन पर क्या बोले पीएम मोदी

पीएम मोदी ने हमला बोलते हुए कहा कि, आज दिल्ली में कांग्रेस के स्थानीय नेताओं को समझ में नहीं आ रहा है कि उन्हें करना क्या है। क्योंकि वे कुछ दिन पहले तक कांग्रेस शराब घोटाला के पर्दाफाश का श्रेय लेती थी और आज दोस्ती हो गई है।

साथियों, दिल्ली- हरियाणा में दोस्ती और पंजाब में नहीं है। दुनिया देख रही है। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि इनका मेनिफोस्टो मुस्लिम लीग पर आधारित लगता है। आपके संपत्ति का आधा हिस्सा वो अपने वोट बैंक को देना चाहते हैं। 2014 के चुनाव में डॉ मनमोहन सिंह की रिकॉर्ड वाली सरकार ने वोट बैंक के लिए वोट जिहाद करने वालों से सौदा किया। उन्होंने सौदा ये किया कि वो कांग्रेस को वोट देंगे और बदले में कांग्रेस दिल्ली वालों की संपत्ति और महान विरासत 123 प्रॉपर्टी वफ्फ बोर्ड को सौंप दी गई। इनका मकसद यही था कि इनका वोट बैंक खुश हो जाए।

CAA कानून को लेकर बोलते हुए कहा कि, जब CAA कानून आया तो पहले दिल्ली में इन्होंने महीनों रास्ता रोका और फिर बाद में दंगे करवाए। ये लोग एससी एसटी के आरक्षण को छीनकर धर्म के आधार पर आरक्षण देना चाहते हैं।

आपको बता दें कि पीएम मोदी यहां उत्तर पूर्वी दिल्ली, चांदनी चौक और पूर्वी दिल्ली के प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार करने आए थे। बता दें कि दिल्ली में 25 मई को मतदान होना है और 04 जून को नतीजे घोषित किए जाएंगे।।

 

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन दिल्ली की दस महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल को विजिट करे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। दिल्ली की विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS INDIA यूट्यूब चैनल’ को ज़रूर सब्सक्राइब करे।