अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद पंजाब के सीएम भगवंत मान ने किया बड़ा दावा, पढ़ें ये रिपोर्ट

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (23 मार्च 2024): दिल्ली आबकारी नीति मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 28 मार्च तक प्रवर्तन निदेशालय की हिरासत में है। इस बीच आम आदमी पार्टी के नेता और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दावा किया है कि अरविंद केजरीवाल जल्द बाहर आएंगे और जोश के साथ बाहर आएंगे। साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह उनकी गलतफहमी है कि विपक्ष को दबा देंगे।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि “आम आदमी पार्टी बहुत बड़ी पार्टी बन चुकी है। 10 साल में राष्ट्रीय पार्टी बन गई है और हमारी दो स्टेट में सरकार है। 10 हमारे राज्यसभा में एमपी है और एक लोकसभा में हैं। गुजरात में पांच एमएलए हैं। गोवा में दो एमएलए हैं। सिंगरौली और चंडीगढ़ में हमारे मेयर हैं। दिल्ली में हम एमसीडी के सत्ता में हैं। पार्टी चलेगी और अरविंद केजरीवाल जी जल्द बाहर आएंगे। जोश के साथ बाहर आएंगे। ये इनकी(भाजपा) गलतफहमी है कि विपक्ष को दबा देंगे।”

भगवंत मान ने आगे कहा कि “व्यापम घोटाला किसने किया था, और उस व्यक्ति को मध्य प्रदेश में लोकसभा में टिकट दी गई है। जो बीजेपी में आ जाए वह वॉशिंग मशीन में धुल जाता है और जो विपक्ष में है उसे लड़ने नहीं देते। चंडीगढ़ में जैसा मेयर चुनाव में हुआ, वैसा किया जाता है। इसके विधायक खरीद लो, उसको खरीद लो, सरकार तोड़ लो। ये क्या राजनीति पर उतर आए हैं। क्या यह लोकतंत्र है? क्या यह यह दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है? हम कैसे कह सकते हैं कि यह दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है।”

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि “अरविंद केजरीवाल हमारे पार्टी के बहुत बड़े नेता और चेहरा है। हमारा नारा ही ये है कि संसद में भी केजरीवाल तो दिल्ली होगी और खुशहाल। न्यायालय पर हमें विश्वास है कि आने वाले कुछ दिनों में अरविंद केजरीवाल बाहर आएंगे। मैं INDIA गठबंधन की बैठकों में पहले भी जाता था, अब भी जाऊंगा।”

बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गुरुवार रात को उनके आवास से गिरफ्तार किया था। इसके एक दिन बाद शुक्रवार को ईडी ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को राउज एवेन्‍यू कोर्ट में पेश किया। यहां कोर्ट ने उन्हें 28 मार्च तक ईडी की हिरासत में भेज दिया।

 

प्रिय पाठकों, प्रतिदिन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की सभी महत्वपूर्ण एवं अहम खबरों को पढ़ने के लिए Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल एवं संबंधित विडियोज देखने के लिए टेन न्यूज इंडिया यूट्यूब चैनल विजिट करें, साथ ही न्यूज पोर्टल एवं यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब अवश्य करें।।