देवेन्द्र यादव को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त

नई दिल्ली, 30 अप्रैल, 2024 – कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे ने पूर्व विधायक, कांग्रेस वर्किंग कमेटी सदस्य और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पंजाब प्रभारी श्री देवेन्द्र यादव को तुरंत प्रभाव से दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त किया।

कांग्रेस नेतृत्व द्वारा श्री देवेन्द्र यादव को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त करने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं में काफी उत्साह है। उनको प्रदेश कांग्रेस की कमान देने के बाद दिल्ली में लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रचार अभियान को जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा। प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता आगे बढ़कर चुनाव अभियान में हिस्सा लेने के लिए उत्साहित है।

श्री देवेन्द्र यादव ने कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी, श्री राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, संगठन महासचिव श्री के.सी वेणुगोपाल, महासचिव दिल्ली प्रभारी श्री दीपक बावरिया द्वारा उन्हें दिल्ली कांग्रेस का अध्यक्ष बनाने पर सभी का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व द्वारा मुझे ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में जिम्मेदारी दी गई है मैं दिल्ली के समस्त नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर अपनी जिम्मेदारी को निभाउॅगा तथा पूरी ताकत के साथ दिल्ली में कांग्रेस संगठन मजबूत करने व लोकसभा चुनाव में कांग्रेस सहित इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों की जीत दर्ज कराऐंगे।