नेहरू मेमोरियल म्यूजियम के नाम बदलने को लेकर कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने क्या कहा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (17 जून 2023): नई दिल्ली में स्थित नेहरू मेमोरियल म्यूजियम एंड लाइब्रेरी सोसाइटी का नाम बदलकर प्रधानमंत्री म्यूजियम एंड लाइब्रेरी कर दिया गया है। इसे लेकर अब राजनीति शुरू हो गई है। वहीं कांग्रेस समेत विपक्षी पार्टियां केंद्र की मोदी सरकार पर हमला कर रही है। इसी कड़ी में कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि इतिहास नहीं बदला जा सकता है। हमें कोई आपत्ति नहीं है अगर सभी प्रधानमंत्रियों के लिए एक स्मारक होगा लेकिन प्रधानमंत्री नेहरू और इतिहास के आधार पर बनाई गई संस्था में बदलाव लाना गलत है। इसलिए हम इसकी निंदा करते हैं।

कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा कि “विश्व में कहीं आप ने ऐसे घटनाक्रम देखे हैं जहां पर नाम बदलकर इतिहास बदले जाते हैं। इतिहास जो होता है वह होता है, इतिहास पर टिप्पणी हो सकती है, शोध हो सकता है, चर्चा हो सकती है, उसके नए पहलू उजागर किए जा सकते हैं लेकिन इतिहास आप बदल दें ऐसा हमने दुनिया में नहीं देखा है और जहां देखा है कि इतिहास बदलने की कोशिश की गई है तो उसे बदलने वाले ही बदल गए हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि “हमें कोई कष्ट नहीं है। सारे प्रधानमंत्री जो इस देश के हुए हैं, वो सम्मानित है। उनके लिए कोई संग्रहालय बनाया जाए, हमें कोई कष्ट नहीं है। लेकिन एक बनी बनाई संस्था जो प्रधानमंत्री नेहरू और इतिहास से संबंधित है उसमें बदलाव और परिवर्तन लाना गलत है।बहुत सारे काम हो रहा है आज जो सच्चे मन से नहीं किया जा रहा है। इसलिए हम इसका विरोध करते हैं।”