आम आदमी पार्टी के महारैली को बीजेपी ने बताया ‘महाफ्लॉप रैली’, जमकर बोला हमला

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (11/06/2023): केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ आज आम आदमी पार्टी की तरफ से दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में महारैली का आयोजन किया गया किया गया। महारैली में लगभग 1 लाख लोग जुटे। इस बीच भारतीय जनता पार्टी ने इस महारैली को महा फ्लॉप रैली करार दे दिया है।

दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी की महारैली में अरविंद केजरीवाल द्वारा दिए गए भाषण पर पलटवार करते हुए कहा कि जो केजरीवाल रामलीला मैदान से जनलोकपाल की बात करते थे आज वह क्यों भूल गए। दिल्ली में शराब घोटाला हुआ ₹45 करोड़ का शीश महल बना कर अरविंद केजरीवाल मौज कर रहे हैं लेकिन वह दिल्ली की जनता क्यों नहीं बता रहे हैं।

दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने आज कहा कि मेरे पास 100 मनीष सिसोदिया और 100 सत्येंद्र जैन हैं। इसका मतलब है कि पूरी पार्टी में भ्रष्टाचार की गंगा बह रही है। आज दिल्ली की जनता ने इनकी सच्चाई देख ली कि अब आम आदमी पार्टी आम आदमी नहीं है। सचदेवा ने आगे कहा कि इसका एक ही लक्ष्य है कि कैसे पैसे कमाना है और कैसे दिल्ली की जनता को लूटना है। लेकिन दिल्ली भारतीय जनता पार्टी का ये संकल्प है कि हम इसके हर भ्रष्टाचार को उजागर करेंगे।

दिल्ली से बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल आज महारैली में सिर्फ झूठ का पुलिंदा पेश कर रहे थे। अरविंद केजरीवाल ने पॉलिटिकल टूरिस्ट का सबसे बड़ा उदाहरण पेश किया है। वह दिल्ली की जनता से वोट लेते हैं तो सिर्फ इसलिए कि उन्हें देश के कोने-कोने में घूमना है लेकिन उन्हें उस घर की ओर नहीं घूमना है जहां गंदा पानी आता है।

बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी ने कहा कि केजरीवाल इतने निर्लज्ज हैं कि कोरोना जैसी महामारी के दौरान एक ओर देश के गृहमंत्री 10 हजार बेड का अस्पताल बना रहे थे तो वहीं केजरीवाल 45 करोड़ की लागत से अपना शीश महल बनवा रहे थे।।