राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द होने पर अरविंद केजरीवाल ने राहुल गांधी का किया समर्थन, लोगों से की अपील

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (24/03/2023): राहुल गांधी को उनकी मोदी सरनेम टिप्पणी पर आपराधिक मानहानि मामले में अदालत से दोषी ठहराए जाने के बाद लोकसभा की सदस्यता रद्द कर दी गई है। इस मामले को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने राहुल गांधी का समर्थन करते हुए कहा कि राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता से बर्खास्त कर देना कायराना है। हम इस जजमेंट से सहमत नहीं हैं। साथ ही उन्होंने देशवासियों से अपील किया है कि हमें मिलकर आगे आना होगा, जनतंत्र बचाना है, देश बचाना है।

अरविंद केजरीवाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि राहुल गांधी जी को मानहानि केस में जिस तरह से उन्हें फंसाया गया मैक्सिमम सजा दी गई और 24 घंटे के अंदर उनकी लोकसभा की सदस्यता बर्खास्त कर दी गई। ये हमारे देश के लिए बहुत चिंता का विषय है। हम जुडिशरी का सम्मान करते हैं लेकिन जो जजमेंट आया हम उसका समर्थन नहीं करते हैं। जिस तरह से उनकी सदस्यता बर्खास्त की गई है वह एक कायराना हरकत है और वो एक डरी हुई सरकार की निशानी है।

उन्होंने कहा कि आजकल जो देश के अंदर चल रहा है वो देश के लिए बहुत खतरनाक है। पूरे देश में ये एक ऐसा माहौल बनाना चाहते हैं कि देश में बस एक पार्टी बचे ‘वन नेशन, वन पार्टी’ और सारी पार्टियों को खत्म कर दिया जाए। ये एक ऐसा माहौल बनाना चाहते हैं कि एक ही नेता बचे ‘वन नेशन, वन लीडर’ और बाकी सभी पार्टियों को खत्म कर दिया जाए। इसी को तो तानाशाही कहते हैं।

उन्होंने कहा कि पूरे देशवासियों से अपील करना चाहता हूं कि भारत हम सबका है। ये भारत 130 करोड़ लोगों का है। हम सबने मिलकर आजादी की लड़ाई थी। आजाद भारत को आजाद कराने के लिए हमारे पुरखों ने आजादी की लड़ाई लड़ी थी। लेकिन आज कि जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेतृत्व में जो सरकार है। इस सरकार का स्वरूप अंग्रेजों की सरकार से भी बहुत ज्यादा खौफनाक और खतरनाक है। अब लोगों को सामने आना पड़ेगा और इसके खिलाफ लड़ाई लड़नी पड़ेगी। अगर भारत को बचाना है तो 130 करोड़ लोगों को एक साथ इकट्ठे होकर इस लड़ाई में शामिल होना पड़ेगा।

उन्होंने आगे कहा कि सरकार कल को किसी भी पार्टी के बने वो जरूर नहीं है। लेकिन जिस तरह से जनतंत्र के ऊपर हमला किया जा रहा है। वो सही नहीं है।