राहुल और प्रियंका के बीच सब ठीक नहीं? BJP के बाद अब कांग्रेसी भी करने लगे इशारा

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (15 जनवरी 2024): देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस की बागडोर जिसके हाथों में है, क्या उसमें सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है? इस बात की चर्चा राजनीतिक गलियारों में तेज हो गई है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी मे खटपट और विवाद की बातें सतही तौर पर सामने आ रही है। भारतीय जनता पार्टी की तरफ से आरोप के बाद अब कांग्रेस पार्टी के अंदर से भी ऐसी आवाजें निकलकर सामने आने लगी हैं। इस बात को लेकर कांग्रेस नेता प्रमोद कृष्णम ने इशारा किया है।

कांग्रेसी नेता प्रमोद कृष्णम ने बताया कि “कांग्रेस की भारत न्याय यात्रा पर भगवान कृपा बरसाएं। कांग्रेस पर खास लोगों का कब्जा हो गया है, जो प्रियंका गांधी को साइड करने पर काम कर रहे हैं। राहुल गांधी को यात्रा में दौड़ाते रहते हैं। गांधी परिवार असल में भगवान राम का विरोधी नहीं है।”

साथ ही उन्होंने कहा कि “इंडिया गठबंधन में भी, जो साथी शामिल हैं उनका निशाना भारतीय जनता पार्टी पर कम और गांधी परिवार पर ज्यादा है। कांग्रेस में जो श्रीराम और सच की बात करता है, जमीनी हकीकत को बताने की कोशिश करता है उसे कांग्रेस छोड़नी पड़ रही है।” मिलिंद देवड़ा के कांग्रेस से इस्तीफे पर उन्होंने कहा कि मिलिंद देवड़ा का कांग्रेस छोड़ना काफी दुखद है।

इससे पहले भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने भी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के बीच सबकुछ सही नहीं चल रहा है। उनका विवाद खुलकर सामने आ रहा है। यहां तक कि मणिपुर में कांग्रेस के सबसे प्रभावशाली लोग पहुंचे थे, जबकि प्रियंका नदारद रहीं। इससे पहले भी उनसे सभी जिम्मेदारी और प्रभार ले लिया गया था और वो भी तब जब पार्टी की महासचिव थीं।