संसद सुरक्षा उल्लंघन मामला में मास्टरमाइंड ललित झा को लगा झटका, न्यायिक हिरासत 5 जनवरी तक बढ़ी

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (22 दिसंबर 2023): संसद सुरक्षा उल्लंघन मामला में पांचवें आरोपी ललित झा को आज शुक्रवार को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान कोर्ट ने ललित झा की हिरासत रिमांड 5 जनवरी, 2023 तक बढ़ा दी। बता दें कि पुलिस ने झा की 14 दिन की हिरासत की मांग करते हुए एक आवेदन दायर किया।

इससे पहले 15 दिसंबर को मास्टरमाइंड ललित झा को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया था। इस दौरान कोर्ट ने ललित झा को 7 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया था‌। दिल्ली पुलिस ने मास्टरमाइंड आरोपी ललित झा को 14 दिसंबर को गिरफ्तार किया था। आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर सरेंडर किया था।

गौरतलब है कि 13 दिसंबर को संसद के शीतकालीन सत्र में लोकसभा की कार्यवाही के दौरान सागर शर्मा और मनोरंजन डी नाम के दो व्यक्ति दर्शक दीर्घा से सदन के भीतर कूद गए थे। फिर उन्होंने कनस्तरों से पीली गैस छोड़ी और नारे लगाए थे। पुलिस इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी हैं, जिसमें सागर शर्मा, मनोरंजन डी, नीलम आजाद, अमोल शिंदे, मास्टरमाइंड ललित झा और महेश कुमावत शामिल है।