नीतीश कुमार के बयान के बाद मचा सियासी बवाल, भाजपा नेताओं ने बोला जोरदार हमला

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (08/11/2023): शादी के बाद पुरुष रोज रात को… बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश के बयान के बाद पूरे देश में सियासी बवाल मचा हुआ है। भारतीय जनता पार्टी ने नीतीश कुमार को महिला विरोधी करार दिया है। बीजेपी की तरफ से लगातार नीतीश कुमार के इस्तीफा की मांग हो रही है।

इसी कड़ी में आज दिल्ली भाजपा प्रदेश इकाई के तरफ से दिल्ली के चाणक्यपुरी में बिहार भवन के पास जोरदार प्रदर्शन किया और जनसंख्या नियंत्रण के लिए महिला शिक्षा के महत्व पर अपनी टिप्पणी पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे की मांग की। दिल्ली भाजपा की महिला मोर्चा सहित बड़ी संख्या में महिला नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के खिलाफ नारे लगाए और उनसे उनकी “अश्लील” टिप्पणियों के लिए पद छोड़ने की मांग की।

बिहार भवन के बाहर प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व करते हुए, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि नीतीश कुमार को “उनकी टिप्पणियों के लिए माफ नहीं किया जा सकता” नीतीश कुमार महिला विरोधी हैं। नीतीश कुमार ने बिहार विधानसभा में जो बयान दिया है उसके जितनी भी निंदा की है वह कम है।

नीतीश कुमार इंडिया गठबंधन के प्रमुख नेताओं में से एक हैं और इनका बयान जो आया है वह दर्शाता है कि यह महिला विरोधी हैं। बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने विरोध में नीतीश कुमार का पुतला भी जलाया। वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जो बयान दिया है, उसे बोलना तो दूर, सुनने में भी शर्म आती है।

जिस देश में कन्या पूजन और कन्याओं के पैर धोना सांस्कृतिक विरासत है, वहां नीतीश कुमार का बयान काफी शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि अगर किसी राज्य का मुख्यमंत्री लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने वाली मंदिर सभा में ऐसे बयान दे रहा है तो यह उनकी मानसिकता और महिलाओं के प्रति उनकी सोच को दर्शाता है क्योंकि ऐसे शब्द पहले कभी किसी विधान सभा में नहीं सुने गए।

दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि एक तरफ हमारे पास नारी वंदन के लिए काम करने वाले पीएम नरेंद्र मोदी हैं, वहीं दूसरी तरफ नीतीश कुमार जैसे नेता हैं जिन्हें नारी भक्षक के रूप में देखा जा रहा है। सचदेवा ने कहा कि नीतीश कुमार, जय प्रकाश नारायण के आंदोलन से निकले व्यक्ति हैं लेकिन अब नीतीश कुमार पर अनैतिक आई.एन.डी.आई. गठबंधन का असर हो गया है।

सार्वजनिक जीवन में रहने वाला व्यक्ति किस हद तक गिर सकता है, इसका उदाहरण नीतीश कुमार ने दिया है और देश की मातृशक्ति ऐसे बयान को बर्दाश्त नहीं करेगी। यह अमर्यादित बयान अक्षम्य है, इसलिए नीतीश कुमार की सदन में माफी से काम नहीं चलेगा, बल्कि उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना होगा।

दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि भारत की जनता नीतीश कुमार को बता देगी कि उन्होंने विधानसभा का किस अभद्रता के लिए इस्तेमाल किया है। आज देश की महिलाएं, हमारी मां-बहनें नीतीश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल चुकी हैं और अब उनका इस्तीफा लेंगी।।