आम आदमी पार्टी के खिलाफ दिल्ली बीजेपी के द्वारा जन जागरण अभियान का आयोजन, केजरीवाल के इस्तीफे की मांग

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (10/10/2023): दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा के तरफ से आज दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के खिलाफ दिल्ली के चौक चौराहों पर जन जागरण अभियान चलाया गया। बीजेपी के तरफ से कुल 31 चौराहों पर जन जागरण अभियान चलाया गया जिसमें दिल्ली बीजेपी के तमाम कार्यकर्ताओं ने हाथों में होर्डिंग और पोस्टर के माध्यम से अरविंद केजरीवाल से इस्तीफा मांगा।

दिल्ली के आईटीओ स्थित चौराहे पर जन जागरण अभियान में शामिल हुए दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल पूरे तरीके से भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। सचदेवा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी अपराधियों और भ्रष्टाचारियों का कुनबा है। भ्रष्टाचारी केजरीवाल सरकार के खिलाफ भाजपा का संघर्ष जारी रहेगा।

जन जागरण अभियान में पहुंचे दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा की हम पहले दिन से कह रहे हैं कि आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचारियों और अपराधियों का अड्डा है। उन्होंने केवल दिल्ली के लोगों को लूटा है, यही कारण है कि भाजपा उनके खिलाफ ‘जन जागरण अभियान’ चला रही है।

दिल्ली के मंडी हाउस पर जन जागरण अभियान में शामिल हुए चांदनी चौक जिला के युवा मोर्चा महामंत्री अंकुर गोयल ने टेन न्यूज से कहा कि आज पूरे दिल्ली में 31 जगह पर जन जागरण अभियान चलाया जा रहा है। हम लोगों की मांग है कि अरविंद केजरीवाल को अब इस्तीफा दे देना चाहिए क्योंकि आज तक अरविंद केजरीवाल ने जिनको ईमानदारी का सर्टिफिकेट दिया वह सलाखों के पीछे हैं।।