बाढ़ प्रभावित लोगों के नुकसान की भरपाई करेगी दिल्ली सरकार: अरविंद केजरीवाल

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (16 जुलाई 2023): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ने के कारण अभी तक बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। वहीं कई इलाकों में भारी जलभराव है जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को मोरी गेट स्थित सर्वोदय बाल विद्यालय में बाढ़ राहत शिविर का दौरा कर बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात की।

मोरी गेट स्थित सर्वोदय बाल विद्यालय में बाढ़ राहत शिविर का दौरा करने के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि “यमुना नदी के आस-पास के निचले क्षेत्रों में कई लोगों के घरों में पानी घुस गया और उन लोगों के लिए दिल्ली सरकार ने अलग-अलग जगहों पर कई राहत शिविर लगाए हैं। दिल्ली में 6 जिले प्रभावित हैं। बाढ़ प्रभावित लोग जिनका सब कुछ बह गया, उनके सामान की भरपाई करने का तरीका भी हम निकाल रहे हैं। पंप से पानी निकालने की कोशिश कर रहे हैं। अब धीरे-धीरे पानी का स्तर 205.9 तक आ गया है।”

बता दें कि यमुना का जलस्तर कम होना शुरू हो गया है, लेकिन अभी भी दिल्ली के कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। रविवार सुबह 10 बजे नदी का जलस्तर 205.95 मीटर दर्ज किया गया हैं।