दिल्ली के बाढ़ग्रस्त इलाकों में धारा 144 लागू, पढ़ें पूरी रिपोर्ट

टेन न्यूज नेटवर्क

दिल्ली (12 जुलाई 2023): राजधानी दिल्ली में लगातार हो रहे बारिश से बाढ़ का खतरा बना हुआ है। यमुना किनारे बसे इलाकों में घरों में पानी घुस गया है। लोग अपने घरो को छोड़कर जाने को मजबूर है। उधर, यमुना खतरे के निशाना से ऊपर बह रही है।

 

इन सबके बीच दिल्ली पुलिस ने एहतियात के तौर पर दिल्ली के बाढ़ग्रस्त इलाकों में सीआरपीसी की धारा 144 लागू कर दी है।

पिछले तीन दिनों में, दिल्ली में यमुना नदी के जल स्तर में तेजी से वृद्धि देखी गई है। रविवार सुबह 11 बजे 203.14 मीटर से शुरू होकर जलस्तर सोमवार शाम 5 बजे तक बढ़कर 205.4 मीटर हो गया, जो खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर गया। यह उल्लंघन अनुमान से 18 घंटे पहले हुआ, जो स्थिति की गंभीरता को उजागर करता है। सीडब्ल्यूसी के आंकड़ों के मुताबिक, यमुना का मौजूदा 207.25 मीटर का जलस्तर 2013 के बाद सबसे अधिक है। विभाग ने बताया कि निचले इलाके में रहने वाले लोगों को ऊंचाई वाले इलाकों में सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। उन्होंने बताया कि जागरूकता, निकासी और बचाव कार्य के लिए 45 नाव तैनात की गई हैं और निकाले गए लोगों को राहत प्रदान करने के लिए गैर सरकारी संगठनों की मदद ली जा रही है। विभाग ने कहा, “पुराने रेलवे पुल को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। अतिरिक्त पानी छोड़ने और लंबे समय तक उच्च जल स्तर को रोकने के लिए ओखला बैराज के सभी दरवाजे खोल दिए गए हैं।” विभाग ने बताया कि इस काम के लिये संबंधित जिलों के सभी जिलाधिकारी और उनकी सेक्टर समितियां सतर्क हैं और बाढ की स्थिति से निपटने के लिये सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग, दिल्ली पुलिस, दिल्ली जल बोर्ड, दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड और अन्य हितधारकों के साथ काम कर रही हैं।।