Delhi में मंडरा रहा बाढ़ का खतरा, BJP का ‘मोदी रथ’ रवाना

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (12/07/2023): दिल्ली में भारी बारिश के बीच लगातार यमुना का जलस्तर बढ़ने से यमुना नदी के आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। यमुना नदी के आसपास के इलाकों में लोगों के घरों में पानी घुस गया है। दिल्ली के यमुना से सटे तमाम इलाकों में जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है।

लगातार यमुना का जलस्तर बढ़ने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, सरकार और प्रशासन मौके पर मौजूद है इसके बावजूद भी लोगों को राहत नहीं मिल रही है। दिल्ली बीजेपी द्वारा यमुना के आसपास के इलाकों में राहत शिविर कैंप का आयोजन किया गया है।

दिल्ली बीजेपी प्रदेश कार्यालय से आज दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी की अगुवाई में राहत कैंप शिविर में लगभग 10 राहत सामग्री की गाड़ियां भेजी गई। राहत कैंप भेजी गई राहत सामग्री वाहन में दाल, चावल, सोयाबीन, मैगी इत्यादि भेजी गई है।

राहत सामग्री वाहन को रवाना करने के बाद दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का एक एक कार्यकर्ता राहत कैंप शिविर में डटे हुए हैं। हमारी कोशिश है कि जो भी लोग बाढ़ से प्रभावित हैं उन तक सुविधाएं पहुंचाई जाए। इसी कड़ी में आज दिल्ली बीजेपी के तरफ से राहत सामग्री भेजी जा रही है। सचदेवा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का नारा है सुशासन, इसी कड़ी में आज भी राहत सामग्री लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है, इलाकों में बीजेपी का राहत कैंप शिविर चल रहा है। वहीं आम आदमी पार्टी के कुछ लोग वहां से बीजेपी का झंडा और पीएम मोदी का फोटो हटाना चाहते हैं मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं।

वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली में जिस तरीके से जल जमाव की स्थिति बनी हुई है इसके लिए अरविंद केजरीवाल खुद जिम्मेदार हैं क्योंकि मॉनसून से पहले अधिकतर नालों की सफाई नहीं हो पाई। अरविंद केजरीवाल कब तक अपनी नाकामियों का ठीकरा दूसरों पर फोड़ते रहेंगे। अरविंद केजरीवाल का बयान है कि दिल्ली इस आपदा को सहन नहीं कर सकती यह बहुत शर्मनाक है। केजरीवाल बताएं पिछले 8 साल से वह क्या कर रहे थे, क्या आपदा बता कर आएगी? भाजपा सेवा में विश्वास रखती है और भाजपा के कार्यकर्ता निरंतर जनता की सेवा में कार्यरत हैं।।