एक्शन में DDA, राजधानी में अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर। लोगों में भारी आक्रोश

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (13/02/2023): दिल्ली के महरौली में एक बार फिर से अवैध निर्माण पर दिल्ली विकास प्राधिकरण यानी कि डीडीए का बुलडोजर चल रहा है। इस मुद्दे को लेकर दिल्ली में जमकर सियासत भी हो रही है। आम आदमी पार्टी भारतीय जनता पार्टी पर हमलावर है। आम आदमी पार्टी कह रही है कि चुनाव में हार की वजह से भारतीय जनता पार्टी बौखला कर गरीब के आशियाने पर बुलडोजर चला रही है।

महरौली में बुलडोजर की कार्रवाई को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं वहीं डीडीए का कहना है कि बुलडोजर की जो कार्यवाही है वह अगले महीने 9 मार्च तक जारी रहेगा। यह अभियान जी-20 बैठक से पहले की जा रही है। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पार्टी ने जमकर भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला है।

बुलडोजर की कार्यवाही पर दिल्ली कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता कुंवर शहजाद ने कहा कि दिल्ली के अंदर जो बुलडोजर चल रहा है इसमें आम आदमी पार्टी और बीजेपी दोनों ही जिम्मेदार है। कुंवर शहजाद ने कहा कि आखिर जब निर्माण हो रहे थे तब डीडीए कहां थी और आज गरीबों के आशियाने उजाड़ने जा रहे हैं।

एमसीडी में हार के बाद भारतीय जनता पार्टी बौखला गई है और इसे देखते हुए यह बुलडोजर की कार्यवाही चल रही है कांग्रेस पार्टी इसका पुरजोर विरोध करती है। हम मांग करते हैं कि जल्द से जल्द बुलडोजर की कार्यवाही पर रोक लगाई जाए। इसके साथ ही कुमार शहजाद ने कहा कि आज मकानों पर अवैध निर्माण का हवाला देकर बुलडोजर चल रहा है क्या उन अधिकारियों के घर पर भी बुलडोजर चलेगा जिनकी देखरेख में यह निर्माण हुए थे।।