राजधानी में भारत जोड़ो यात्रा, सड़को पर उमड़ा जनसैलाब

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (24/12/2022): कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के लगभग 100 दिन पूरे हो चुके हैं। इसकी शुरुआत दक्षिण भारत के केरल से हुई राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा कश्मीर तक जाएगी कांग्रेस पार्टी का ऐसा दावा है। इस बीच केरला, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, राजस्थान हरियाणा होते हुए आज राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा दिल्ली पहुंची।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस इकाई के तरफ से कांग्रेस पार्टी की भारत यात्रा को सफल बनाने के लिए तमाम तरह की तैयारियां की गई थी। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को सफल बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता आज दिल्ली की सड़कों पर सुबह से ही कांग्रेस पार्टी का झंडा थामे हुए नजर आए। इस बीच कांग्रेस पार्टी के छोटे से लेकर बड़े कार्यकर्ताओं कि एक ही मंशा थी कि एक फोटो राहुल गांधी के साथ उनकी भी हो जाए।

 

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस इकाई के तरफ से कुछ दिन पहले कहा गया था कि दिल्ली में कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा में लगभग 25000 कार्यकर्ता शामिल होंगे। आपको बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ आज दिल्ली की सड़कों पर कांग्रेस पार्टी के सभी कार्यकर्ता सीधे तौर पर नरेंद्र मोदी के खिलाफ हुंकार भरते हुए नजर आए। भारत जोड़ो यात्रा के जरिए कहीं ना कहीं कांग्रेस पार्टी 2024 के लोकसभा चुनाव में सियासी जमीन तलाश रही है।

हरियाणा से होते हुए दिल्ली की बदरपुर बॉर्डर से राहुल गांधी का काफिला दिल्ली में प्रवेश किया, इस बीच दिल्ली प्रदेश कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष अनिल चौधरी ने बदरपुर बॉर्डर पर राहुल गांधी का स्वागत किया। इसके बाद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा आश्रम चौक पहुंची जहां पर 2 घंटे के विश्राम के बाद दिल्ली में आगे की यात्रा शुरू हुई।

 

इसके बाद निजामुद्दीन दरगाह से होते हुए राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा लाल किले की ओर कूच की इस बीच निजामुद्दीन दरगाह में राहुल गांधी ने दरगाह पर चादर चढ़ाया। जैसे-जैसे सूरज ढल रहा था वैसे ही दिल्ली की सड़कों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हुजूम भी बढ़ता ही जा रहा था। निजामुद्दीन दरगाह पर चादर चढ़ाने के बाद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मथुरा रोड होते हुए आईटीओ चौक पहुंची।

हजारों कार्यकर्ताओं के साथ राहुल गांधी की भारत छोड़ो यात्रा राजधानी की सड़कों पर चलती हुई नजर आई मथुरा रोड से आईटीओ चौक पर पहुंचते ही राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में अपार जनसमर्थन देखने को मिला। इसके बाद दिल्ली गेट जामा मस्जिद होते हुए राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा लगभग 5:00 बजे दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले पर पहुंची। इतिहासिक लाल किले पर भारत जोड़ो यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं को राहुल गांधी ने संबोधित करते हुए केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर हमला किया।

लाल किले से राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश में नफरत का जो माहौल उत्पन्न करने की कोशिश की गई है उसे मिटाने के लिए कांग्रेस पार्टी भारत जोड़ो यात्रा कर रही है। इसके साथ ही मीडिया पर हमलावर होते हुए राहुल गांधी ने कहा कि आज की मीडिया भी सिर्फ नफरत फैलाने का काम कर रही है 24 घंटे हिंदू और मुसलमान की बात आज की मीडिया कर रही है।

राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि आज केंद्र में मोदी की सरकार नहीं है बल्कि अडानी और अंबानी की सरकार है। दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी इसे भारत तोड़ो यात्रा करार दे रही है। केंद्र सरकार में मंत्री रहे अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारत को तोड़ने वाली बात करने वाले लोग आज भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए हैं इससे साफ जाहिर होता है कि यह भारत जोड़ो नहीं बल्कि भारत तोड़ो यात्रा है।

इस बीच टेन न्यूज ने यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवासन बीवी से बातचीत करने की कोशिश की श्रीनिवासन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा और अपार जनसमर्थन से केंद्र की मोदी सरकार घबरा गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कोविड-19 का हवाला देकर राहुल गांधी को पत्र लिखा है कि देश हित में भारत जोड़ो यात्रा को बंद किया जाए। भारत जोड़ो यात्रा बंद नहीं होगी और जो कांग्रेस पार्टी ने भारत जोड़ो यात्रा को लेकर रूट निर्धारित किए हैं उसके अंतर्गत कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा जारी रहेगी।

इस बीच टेन न्यूज ने कई कार्यकर्ताओं से बातचीत करने की कोशिश की जो भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए थे कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कहा कि राहुल गांधी आज नफरत के बाजार में मोहब्बत का पैगाम लेकर भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से लोगों के बीच आए हैं। लोगों ने कहा कि देश को हिंदू और मुसलमान को आपस में बांटा जा रहा है धर्म की राजनीति हो रही है इसे समाप्त करने के लिए कांग्रेस पार्टी भारत जोड़ो यात्रा कर रही है।

 

भारत जोड़ो यात्रा के संदर्भ में कांग्रेस के तमाम कार्यकर्ताओं ने कहा कि राहुल गांधी का मकसद भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से राजनीति करना नहीं है उनका मकसद है कि आपसी भाईचारा को फिर से बरकरार किया जाए। लेकिन भारतीय जनता पार्टी भारत जोड़ो यात्रा से बौखला गई है और कोरोना का हवाला देकर इसे रोकना चाहती है। लेकिन आज राहुल गांधी के साथ देश की जनता खड़ी है और भारत जोड़ो यात्रा रुकने वाली नहीं है।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा दिल्ली के लाल किले से कुछ दिनों के लिए रोक दी गई है कांग्रेस पार्टी के सूत्रों के हवाले से जानकारी है कि आगामी 3 जनवरी से भारत जोड़ो यात्रा फिर से शुरू होगी। आने वाले कुछ दिनों के बाद जब भारत जोड़ो यात्रा फिर से शुरू होगी तो उत्तर प्रदेश पंजाब हिमाचल होते हुए जम्मू कश्मीर पहुंचेगी। वहीं कांग्रेस पार्टी भले ही इसे राजनीतिक तौर पर कबूलने से इनकार कर रही है लेकिन साफ तौर पर कांग्रेस पार्टी का मकसद भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से सियासी जमीन तलाशने की रही है।

 

भारत जोड़ो यात्रा को लेकर तमाम तरह के सवाल देश के अंदर उठ रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि जिस तरीके से चीन में कोरोना के केस बढ़ रहे हैं इसे देखते हुए भारत जोड़ो यात्रा को रोक देना चाहिए। स्वास्थ्य मंत्री ने भी राहुल गांधी को पत्र लिखा है कि भारत जोड़ो यात्रा में कोविड प्रोटोकाल का पालन हो और संभव हो तो देश हित में कुछ दिनों के लिए भारत जोड़ो यात्रा को स्थगित कर देना चाहिए। लेकिन कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर कह रही है कि केंद्र की मोदी सरकार कोरोना का हवाला देकर भारत जोड़ो यात्रा को रोकना चाहती है क्योंकि मोदी सरकार भारत जोड़ो यात्रा में उमड़ते जनसैलाब से परेशान हो चुकी है।

लाल किले से भारत जोड़ो यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हमारे देश में नफ़रत नहीं है, सिर्फ प्यार है” शुक्रिया दिल्ली…पूरी दुनिया को यह बताने के लिए कि भले ही हमारी भाषा, रंग, संस्कृति अलग हो, लेकिन दिल से हम भारतीय हैं, जो सिर्फ मोहब्बत में यकीन रखते हैं और इंसानियत को सबसे बड़ा मानते हैं।

 

मल्लिकार्जुन खड़गे ने आगे कहा कि ये सरकार संसद में न तो चीन के मुद्दे पर हमारी बात सुनती है और न ही चर्चा करती है। अगर आपके अंदर हिम्मत है तो संसद में चीन पर चर्चा करें और लोगों को यह पता चलने दें कि आप किस मंशा से चर्चा नहीं करना चाहते।

इस बीच राहुल गांधी ने कहा कि लालकिले की प्राचीरें इस बात की साक्षी रहेंगी कि हमने इस देश से नफरत मिटाकर मोहब्बत का पैगाम दिया है। यही हिंदुस्तान की असली पहचान है। इस बीच भारत जोड़ो यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मैं इन सड़कों पर मीलों चला हूं, देश में लाखों लोगों से मिला हूं। सभी एक दूसरे से मोहब्बत करते हैं, गले लगते हैं। इनके मीडिया चैनल सिर्फ नफ़रत दिखा रहे हैं लेकिन यह देश एक है।

 

बहरहाल क्या वास्तव में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से कांग्रेस पार्टी जो सियासी जमीन खो चुकी है उसे वापस हासिल कर पाएगी। क्या राहुल गांधी को कोरोना वायरस के मामलों को देखते हुए भारत जोड़ो यात्रा को रोक देना चाहिए।क्या 2024 में राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा से राजनीतिक तौर पर कांग्रेस पार्टी को लाभ मिलेगा। क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजय रथ को रोकने के लिए कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा सार्थक सिद्ध होगी। क्या वास्तव में केंद्र की मोदी सरकार भारत जोड़ो यात्रा में बढ़ते जन सैलाब से हताश और परेशान हो चुकी है।

क्या भारत जोड़ो यात्रा कांग्रेस पार्टी के लिए सजीवन बूटी साबित होगी। क्या सच में भारत जोड़ो यात्रा के जरिए कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी को पीएम कैंडिडेट साबित करना चाहती है। क्या राहुल गांधी नफरतों के बाजार में मोहब्बत का बाजार खोलने आए हैं। क्या हिंदुस्तान सच में टूटा हुआ है जिसे जोड़ने की बात राहुल गांधी कर रहे हैं। कई तरह के सवाल है लेकिन इन सवालों के जवाब के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा।