दिल्ली में पीएम मोदी पर जमकर बरसे राहुल गांधी, ‘अंबानी, अडानी की सरकार है’

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (24/12/2022): कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली गई ‘भारत जोड़ो यात्रा’ आज शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पहुंच गई है। वहीं शाम को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ दिल्ली के लाल किला पहुंची। इस यात्रा में जानेमाने अभिनेता कमल हासन और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी राहुल गांधी के साथ नजर आए। उसके बाद राहुल गांधी ने लाल किले से लोगों को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला है।

राहुल गांधी ने कहा कि पूरा देश जानता है कि ये नरेंद्र मोदी की सरकार नहीं, अंबानी अडानी की सरकार है। मैं 2,800 किमी चला, मुझे कहीं भी नफरत या हिंसा नहीं दिखी मगर मैं जब भी न्यूज चैनल खोलता हूं तो हमेशा नफरत-हिंसा दिखाई देती है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि ये आपका ध्यान इधर से उधर लेकर जाना चाहते हैं। जो सच्चे मुद्दे हैं उस पर आपका ध्यान गलती से भी नहीं चला जाए।

उन्होंने आगे कहा कि अगर इस देश को कोई रोजगार दे सकता है तो वो किसान और छोटे व्यापारी दे सकते हैं क्योंकि ये देश में लाखों हैं। ये लोग 24 घंटे लगे रहते हैं। इनके लिए बैंक के दरवाजे बंद रहते हैं। हिंदुस्तान के 2-3 अरबपतियों को 1 लाख करोड़, 2 लाख करोड़, 3 लाख करोड़ आसानी से दे दिया जाता है मगर ये(किसान और छोटे व्यापारी) बैंक के सामने जाते हैं तो इनको धकेलकर निकाल दिया जाता है।।