‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत दिल्ली में मुस्लिम संगठनों ने निकाली तिरंगा यात्रा, जानें सरकार के इस मुहिम पर क्या है भारतीय मुसलमानों की राय

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (14/08/2022): देश को आजाद हुए 75 वर्ष हो गए और इस बार देश की आज़ादी के 75 वीं वर्षगांठ पर “आजादी का अमृत महोत्सव” मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आह्वान किया है हर घर तिरंगा अभियान का इसी कड़ी में आज दिल्ली के मंडी हाउस से प्रेस क्लब तक मुस्लिम संगठनों ने भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जिसमें छोटे छोटे बच्चों से लेकर महिलाएं इत्यादि शामिल हुईं।

दिल्ली स्टेट ऑल इंडिया मोमिन कॉन्फ्रेंस के तरफ से आयोजित तिरंगा यात्रा में मैनेजिंग डायरेक्टर मोहम्मद इमरान अंसारी ने बच्चों को तिरंगा एवं उपहार देकर सम्मानित किया। इस दौरान हाथों में तिरंगा लिए हुए बच्चे काफी उत्साहित दिखे। वहीं कार्यक्रम में शामिल मुस्लिम संगठन के नेताओं ने कहा कि देश आजादी का गौरव वर्षगांठ मना रहा है, और हमें खुशी है कि हम अमृत महोत्सव में अपनी सहभागिता को दर्ज कर रहे हैं।

 

इस बीच लोगों ने टेन न्यूज से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर घर तिरंगा अभियान जो चलाया है, इससे देश में देशभक्ति की भावना और अधिक जागृत होगी। एक छात्रा ने कहा कि देश को आजाद हुए 75 वर्ष हो गए हैं। और हम भारत के लोग शपथ लेते हैं, कि हमारा जो कर्तव्य है वह हम देश के प्रति निभाएंगे। यही सबसे सच्ची श्रद्धांजलि होगी जिन्होंने देश को आजाद कराने के लिए अपनी जान की कुर्बानी दी थी।

छात्रों ने कहा कि आजादी के 75 वीं वर्षगांठ पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से इस बार का स्वतंत्रता दिवस और भी खास हो गया है। हमारा देश प्रतिदिन नई ऊंचाइयों को छू रहा है जिससे हम सब को गर्व की अनुभूति होती है।।