“कूड़ा गाड़ी में तिरंगा भाजपा वालों शर्म करो”: आप सांसद संजय सिंह ने भाजपा पर साधा निशाना

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (14/08/2022): आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर देशभर में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरूआत की गई है। जो 13 अगस्त से शुरू हो गया है और 15 अगस्त तक चलेगा। इस अभियान के तहत लोग अपने-अपने घरों पर तिरंगा झंडा फहरा रहे है। इसी बीच अयोध्या जिले से तिरंगे के अपमान का मामला सामने आया है। जिसका वीडियो आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने ट्विटर पर शेयर करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है।

आप सांसद संजय सिंह ने ट्वीट कर कहा, “भाजपाईयों मुझे मालूम है तुम्हारे मातृ संगठन ने 52 साल तक तिरंगा झंडा नही फहराया। अगर देश के तिरंगे का सम्मान नही कर सकते तो कम से कम अपमान तो न करो। कूड़ा गाड़ी में तिरंगा भाजपा वालों शर्म करो।”

आपको बता दें कि वायरल वीडियो उत्तर प्रदेश के अयोध्या से है। इस वीडियो में नगर निगम की कूड़ा गाड़ी से राष्ट्रीय ध्वज को लाया गया है और झंडे बांटा गया है।