‘मरने पर कितनी GST लगेगी?’, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का बीजेपी से सवाल

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (21/07/2022): तृणमूल कांग्रेस ने कोलकाता में शहीद दिवस रैली का आयोजन किया है। इस दौरान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जनता को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर जीएसटी को लेकर जोरदार हमला किया है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी से सवाल करते हुए कहा कि ये बताएं कि मरने पर कितनी GST लगेगी?

इस दौरान उन्होंने कहा कि आज इतनी बारिश हुई है, सड़कों पर पानी भरा लेकिन आप यहां से नहीं हिले। उन्होंने कहा कि 21 जुलाई को बारिश होती ये ईश्वर, अल्लाह की मेहरबानी है। BJP और सीपीआई बारिश देखकर हंस रही थी। उन्होंने कहा कि भाजपा हर जगह सरकार तोड़ रही है, भाजपा का यही काम है। बंगाल में उन्होंने हमें हराने की कोशिश लेकिन हरा नहीं सकी। उन्होंने कहा कि 2021 में जनता ने उन्हें दिखा दिया।

उन्होंने जीएसटी के मुद्दों को लेकर भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि अब तो मूढ़ी पर GST लग गई है तो क्या भाजपा के लोग अब मूढ़ी नहीं खाएंगे। मिठाई, लस्सी, दही पर GST लगी है। लोग क्या खाएंगे? मरीज के अस्पताल में भर्ती होने पर भी GST है। ये बताएं कि मरने पर कितनी GST लगेगी।

बता दें कि विपक्षी पार्टियां आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी वृद्धि और मंहगाई को लेकर सरकार पर लगातार हमला कर रहे हैं। विपक्षी पार्टियों का मांग है कि सरकार इस फैसले को वापस लें।