दिल्ली सरकार रख रही है कोविड कि स्थिति पर नजर: स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (11/04/2022): देश में कोविड के नए वेरिएंट XE को लेकर अब काफी चर्चा हो रही है। इसी बीच दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन का बयान आया है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोविड के मामले रोजाना 100-200 के बीच आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सकारात्मकता दर पर ध्यान नहीं दीजिए अस्पताल में भर्ती होने वालों की संख्या भी कम हो रही है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार कोविड की स्थिति पर नजर रख रही है। दिल्ली में कोविड का कोई नया वेरिएंट नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि जब तक कोई वेरिएंट खतरनाक नहीं होता है तब तक उसकी चिंता करने की ज़रुरत नहीं है। उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी चिंता का कोई नया वेरिएंट घोषित नहीं किया है।

बता दें कि NTAGI कोविड वर्किंग ग्रुप के चेयरमैन एनके अरोड़ा ने कहा कि ओमीक्रोन कई नए रूपों को जन्म दे रहा है। उन्होंने कहा कि यह X सीरीज की तरह है जैसे XE है और ये वेरिएंट होते रहेंगे। उन्होंने कहा कि घबराने की कोई बात नहीं है, इनमें से कोई भी गंभीर बीमारी पैदा नहीं कर रहा है। फिलहाल कोरोना के भारतीय आंकड़ों के अनुसार यह बहुत तेज़ी से फैलता नहीं दिख रहा है।