नेहरू को लेकर अमित शाह की टिप्पणी पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी बोले- ‘अमित शाह को शायद इतिहास नहीं मालूम’

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (12 दिसंबर 2023): देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के खिलाफ गृह मंत्री अमित शाह की टिप्पणी को लेकर सियासी बवाल मचा हुआ है। इस मामले में अब कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि अमित शाह को इतिहास की जानकारी नहीं है।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि “पंडित जवाहर लाल नेहरू ने भारत के लिए अपनी जिंदगी दे दी, सालों जेल में रहें। गृह मंत्री अमित शाह को शायद इतिहास नहीं मालूम। ये बात केवल भ्रमित करने के लिए की गई है। मूल मुद्दा जातीय जनगणना, भागीदारी और देश का धन किसके हाथों में जा रहा है, ये है। इस मुद्दें पर ये लोग चर्चा नहीं करना चाहते हैं, इससे डरते हैं, भागते हैं। हम इस मुद्दे को आगे लेकर जाएंगे और गरीब लोगों को उनका हक हम दिलाएंगे।”

बता दें कि बुधवार को लोकसभा में जम्मू कश्मीर आरक्षण (संशोधन) विधेयक, 2023 और जम्मू कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक, 2023 पर चर्चा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि “पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के फैसले के कारण दो गलतियां हुईं, जिसके कारण कश्मीर को कई वर्षों तक नुकसान उठाना पड़ा। पहला है युद्धविराम की घोषणा करना जब हमारी सेना जीत रही थी, सीजफायर लगाया गया। अगर तीन दिन बाद सीजफायर होता तो पीओके आज भारत का हिस्सा होता। दूसरा है अपने आंतरिक मुद्दे को यूएन में ले जाना।”