दिल्ली लोकसभा चुनाव में बीजेपी लगाएगी हैट्रिक: सुबोध उनियाल, कैबिनेट मंत्री, उत्तराखंड

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (23 मई 2024): देशभर में लोकसभा चुनाव को लेकर सियासी गहमागहमी जारी है। राजधानी दिल्ली की सभी सातों लोकसभा सीट पर 25 मई को वोटिंग होनी है। दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों में से नई दिल्ली लोकसभा सीट सबसे हॉट सीट बनी हुई है। भारतीय जनता पार्टी ने इस बार इस सीट से प्रखर वक्ता एवं दिग्गज नेत्री स्व. सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज को मैदान में उतारा है। वहीं बांसुरी स्वराज को जीत दिलाने के लिए भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ता जी तोड़ मेहनत कर रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और पूर्व दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर उनमें जोश भरा। साथ ही नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी बांसुरी स्वराज को जीत दिलाकर नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का आह्वान भी किया।

टेन न्यूज नेटवर्क के साथ दिल्ली लोकसभा सीट पर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच हुए गठबंधन पर बातचीत करते हुए उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि भाजपा ने 2014 में भी और 2019 में भी दिल्ली लोकसभा की सातों सीटें जीती है और इस बार 2024 के लोकसभा इलेक्शन में भी बीजेपी लोकसभा दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों पर जीतेगी। आगे उन्होंने भाजपा के अबकी बार 400 पार के नारे पर बातचीत करते हुए कहा कि बीजेपी का 400 पार का जो नारा है उसको सच और पूरा करने के लिए भारतीय जनता पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता एक संकल्पित भावना के साथ और जनयोग के साथ हम आगे बढ़ रहे हैं। इस बार लोकसभा इलेक्शन में हमारा 400 का जो हमारा टारगेट है हम उसको जरूर पूरा करेंगे। एक तरफ संगठन चुनाव लड़ा रहा है और दूसरी तरफ‌ समर्पित बीजेपी के सभी कार्यकर्ता नई दिल्ली लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी बांसुरी स्वराज को भारी मतों से जिताने में जुटे हुए हैं। कार्यकर्ताओं के जनसंपर्क करने से भी बांसुरी स्वराज की जीत का मार्जिन बढ़ेगा।

आगे उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने नई दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी बांसुरी स्वराज के बारे में बातचीत करते हुए कहा कि सुषमा स्वराज देश की एक आदरणीय नेता रही है। उनकी भाषण और उनका भाषण देने का तरीका, उनका व्यवहार। बांसुरी स्वराज भी सुषमा स्वराज की इस परंपरा की वाहक है। इसके साथ ही वह एक पढ़ी-लिखी लड़की है और पेशे से एक वकील है। बांसुरी स्वराज का जनता के साथ काफी अच्छा जनसंपर्क है और मुझे उम्मीद है कि इस बार लोकसभा चुनाव में स्वर्गवासी सुषमा स्वराज को श्रद्धांजलि देने के लिए नई दिल्ली की जनता बांसुरी स्वराज को जरूर जिताएगी। बांसुरी स्वराज देश की भविष्य की नेता है।

पांच चरणों में चुनाव होने और वोटिंग प्रतिशत कम होने पर बातचीत करते हुए उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कभी-कभी मतदाता जिस पार्टी को जिताना चाहने के बाद भी वोट देने नहीं जाते हैं। तो इसी के चलते कभी-कभी परिणाम विपरीत निकलते हैं और वह जिस पार्टी को जिताना चाहते थे उनके वोट न देने के कारण वह पार्टी कभी-कभी हार जाती है। सभी का वोट बहुमूल्य है और सभी लोग देश हित में, राष्ट्रहित में अपना वोट अवश्य दें। मैं मानता हूं कि गर्मी का मौसम बहुत ज्यादा है। और मैं उम्मीद करता हूं कि सभी लोग देश हित और राष्ट्रहित में अपना वोट डालें और इससे हमारे जीत का मार्जिन बढ़े और तीसरी बार नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने। और एक विकसित भारत के संकल्प में हमारी सरकार बनेगी।

उक्त कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और पूर्व दिल्ली प्रदेश भाजपा पूर्व अध्यक्ष और मेयर आदेश गुप्ता के साथ डॉ नरेश शर्मा, प्रशांत शर्मा, चंद्रकांत पुरोहित, राजकुमार सैनी, गार्गी बनर्जी और अर्चना अग्निहोत्री ने भी कार्यकर्ताओं में जोश भरा। इस अवसर पर नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के अंर्तगत दसों विधानसभा के भाजपा प्रभारी उपस्थित रहे और सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने नई दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी बांसुरी स्वराज को भारी मतों से जीत दिलाने का दृढ़ संकल्प लिया।

बता दें कि 25 मई को नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र समेत दिल्ली की सातों सीटों पर मतदान होना है और 4 जून को परिणाम घोषित होंगे। चुनाव प्रचार के केवल तीन दिन ही शेष रह गए हैं और ऐसे में सभी राजनीतिक पार्टी के कार्यकर्ताओं से लेकर बड़े-बड़े नेता और जनप्रतिनिधि अपनी अपनी पार्टी के प्रत्याशियों के हित में लगातार रैलियां और जनसंपर्क कर रहे हैं, ताकि अपने पार्टी के प्रत्याशी को अधिक से अधिक वोटों से जीत दिला सके।

इस बार लोकसभा चुनाव में नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी बांसुरी स्वराज और इंडिया गठबंधन से प्रत्याशी सोमनाथ भारती में से कौन नई दिल्ली लोकसभा का सांसद बनेगा? अपनी राय कमेंट बॉक्स में जरूर लिखें।।

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन दिल्ली की दस महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल को विजिट करे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। दिल्ली की विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS INDIA यूट्यूब चैनल’ को ज़रूर सब्सक्राइब करे।