दिल्ली: रामलीला मैदान में गरजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, बीजेपी पर जमकर साधा निशाना

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (3 फरवरी 2024): भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर जोरदार प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस जहां संविधान बचाने व भाईचारा स्थापित करने के लिए लड़ाई लड़ रही है वहीं दूसरी ओर मोदी सरकार संविधान व लोकतंत्र को खत्म करने पर उतारु है। उन्होंने पूर्वी दिल्ली के गीता कालोनी स्थित रामलीला मैदान व पुस्ता तक मौजूद हजारों कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वो इस अत्याचार के खिलाफ सड़कों पर आएं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आज देश की आम जनता और कांग्रेस इस लड़ाई को हार गई तो मोदी सबको गुलाम बना लेंगे। उन्होंने गुरु गोबिंद सिंह की पंक्तियों का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस न किसी को डराती है और न किसी से डरती है।

खड़गे ने दिल्ली के कांग्रेस कार्यर्ताओं से अपील की कि वो पूरी दिल्ली में कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने व चुनाव की तैयारियों में जुट जाऐं। खड़गे आज दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविन्दर सिंह लवली की अध्यक्षता में पूर्वी दिल्ली के गीता कालोनी स्थित रामलीला में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ताओं के न्याय संकल्प सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन में मंच का संचालन पार्टी के वरिष्ठ नेता पूर्व विधायक मुकेश शर्मा ने किया। सम्मेलन को मल्लिकार्जुन खड़गे के अलावा अरविन्दर सिंह लवली, दिल्ली के प्रभारी दीपक बाबरिया,अजय माकन, सुभाष चौपड़ा, देवेन्द्र यादव, अल्का लांबा, हारुन यूसूफ, कृष्णा तीरथ, मनीष चतरथ डा0 उदित राज, संदीप दीक्षित, परवेज हाश्मी, गुरदीप सिंह सप्पल, रमेश कुमार, आदि ने संबोधित किया।

 

प्रिय पाठकों, प्रतिदिन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की सभी महत्वपूर्ण एवं अहम खबरों को पढ़ने के लिए Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल एवं संबंधित विडियोज देखने के लिए टेन न्यूज इंडिया यूट्यूब चैनल विजिट करें, साथ ही न्यूज पोर्टल एवं यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब अवश्य करें।।