दिल्ली: तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से 12 साल की लड़की की मौत, आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (18 जनवरी 2024): दक्षिणी पूर्वी दिल्ली में गुरुवार सुबह 12 वर्षीय लड़की को एक स्कूल बस ने टक्कर मार दी। इस टक्कर की वजह से लड़की की मौके पर मौत हो गई। पुलिस इस मामले में कार्रवाई करते हुए बस ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह 8:33 बजे सरिता विहार पुलिस स्टेशन को जनता फ्लैट्स रोड पर एक दुर्घटना के बारे में सूचना मिली। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि मदनपुर खादर की रहने वाली मृत लड़की काजल को एक किराए की स्कूल बस ने टक्कर मार दी थी।

अधिकारी ने कहा कि मृतक लड़की के पिता फरजान से शिकायत मिली थी और भारतीय दंड संहिता की धारा 279 और 304 ए के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। इलाके में फरजान फल विक्रेता के रूप में काम करते हैं।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी बस चालक राम विनोद को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी बस चालक की पहचान 42 वर्षीय राम विनोद के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर का निवासी है।