‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का लोगो लॉन्च, कांग्रेस नेता खड़गे ने पीएम पर बोला जोरदार हमला

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (06 जनवरी 2024): कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज दिल्ली स्थित कांग्रेस हेड क्वार्टर में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का लोगो लॉन्च किया। इस दौरान खड़गे ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में हम 14 जनवरी से ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ शुरू कर रहे हैं। ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ देश के सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और बुनियादी मुद्दों को लेकर निकाली जा रही है।

खड़गे ने कहा कि जब हमने संसद में देश से जुड़े मुद्दे उठाने की कोशिश की तो सरकार ने हमें बोलने नहीं दिया। देश के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है, जब 146 सांसदों को निलंबित कर दिया गया। इसलिए हम ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ से लोगों के बीच जा रहे हैं ताकि हम अपनी बात उनसे कह सके और समाज के हर वर्ग से मिलकर उनकी बात सुन सके।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि मणिपुर में मई में जो दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी और घटती रही उसपर पीएम मोदी कुछ नहीं बोले। रात-दिन पीएम मोदी समुद्र में तैरने का फोटो खिंचवाते रहे। मंदिरों के निर्माण स्थल पर जाकर फोटो खिंचवाते हैं। हर जगह जाकर नए-नए कपड़े पहनकर फोटो खिंचवाते हैं। लेकिन ये महापुरुष मणिपुर क्यों नहीं गए? जहां लोग मर रहे हैं। कहा कि मणिपुर में महिलाओं का रेप हो रहा है, उनका हाल-चाल पूछने क्यों नहीं जा रहे हैं क्या मणिपुर देश का हिस्सा नहीं हैं। आप लक्षद्वीप जाकर पानी में रूकते हैं, आप मणिपुर जाकर लोगों को समझा नहीं सकते। हम ये यात्रा जनजागरण के लिए निकाल रहे हैं।