मुसलमानों को साधने के लिए दिल्ली भाजपा ने किया सूफी संवाद महाभियान का आयोजन, पढ़ें पूरी रिपोर्ट

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (04 दिसंबर 2023): लोकसभा चुनाव 2024 से पहले मुसलमानों को साधने के लिए भारतीय जनता पार्टी की तरफ से सूफी संवाद महाभियान का आयोजन देश के अलग-अलग राज्यों में किया जा रहा है। लोकसभा चुनाव से पहले पसमांदा मुस्लिमों के साथ सूफी मुसलमानों पर भी बीजेपी ने अपना फोकस बढ़ा दी है। इसी कड़ी में दिल्ली बीजेपी प्रदेश कार्यालय में अल्पसंख्यक मोर्चा की तरफ से सूफी संवाद महाभियान का आयोजन किया गया।

सूफी संवाद महाभियान कार्यक्रम में सूफी समुदाय के लोगों को विशेष रूप से मुसलमानों के लिए भाजपा सरकार द्वारा किए गए कार्यों को प्रभावी ढंग से प्रचारित करने के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। दिल्ली बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष अनीस अब्बासी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। सूफी संवाद मौके पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस मौके पर दिल्ली के विभिन्न दरगाहों तथा खानखाओं से सूफी समाज के लोग भाजपा द्वारा संचालित सूफी महाभियान का हिस्सा बनकर उत्साहित दिखे। भारतीय जनता पार्टी की नीतियों को समझते हुए पार्टी द्वारा चलाए जा रहे इस महाभियान की सराहना की इस दौरान सूफी समाज के कुछ लोगों ने भविष्य में भाजपा के साथ कदम से कदम मिला कर चलने का आश्वासन भी दिया।

अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने कहा की प्रधनामंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर हम सूफी अभियान को देश भर में लेकर जा रहे हैं। हमे इस बात की खुशी है की सूफी समाज प्रधानमंत्री के इस अभियान का दिल खोलकर इस्तकबाल कर रहा है। उन्होने कहा की हम सभी को मिलकर हिंदुस्तान को मजबूत करना है,  दरगाह की समस्याओं की आवाज हम सरकार तक पहुंचा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने भी इसपर चिंता जाहिर करते हुए इस अभियान की जिम्मेदारी हमे सौंपी है। उन्होने कहा की भाजपा सबको एक मंच पर लेकर चलती है, आज तक किसी सरकार ने सूफियों की चिंता नहीं की है। उन्होने कहा की सभी धर्मों के सूफियों को एक मंच पर लाना और उनकी हिफाजत करना ही भाजपा का संकल्प है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फैसले का सूफी समाज हर-जगह स्वागत कर रहा है। सूफी समाज के लोग अब निरंतर भाजपा से जुड़ रहे हैं। इस बीच उन्होंने कहा कि सबका साथ सबका विकास की नीति के अंतर्गत आज देश में हर वर्ग का हर समाज का और हर जाति का विकास हो रहा है।

कार्यकम के दौरान कारी मोहम्मद हारुन ने विश्वास दिलाया कि बीजेपी सभी वर्गों को मंच देने के लिए और उनका उद्धार करने के लिए सदैव प्रयासरत रहती है। लेकिन कुछ लोग जो मुस्लिम समाज को बहकाने का काम करते हैं उनके बहकावे में नाएं और देश निर्माण में प्रधानमंत्री का साथ दें। मोर्चा अध्यक्ष अनीस अब्बासी ने कहा कि सूफी ख्याल एवं संगीत दोनों ने भारत की सभ्यता को अलग पहचान दी है और हम इन सूफी संतों को साधुवाद देते हुए आश्वस्त करते हैं की भाजपा हर दुख दर्द में आपके साथ खड़ी मिलेगी।।