आप विधायक दुर्गेश पाठक ने राजेन्द्र नगर में डोर-टू-डोर किया कैंपेन

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (03 दिसंबर 2023): आम आदमी पार्टी द्वारा शुरू किए गए ‘मैं भी केजरीवाल’ हस्ताक्षर अभियान का आज रविवार को तीसरा दिन है। इस अभियान के तहत आम आदमी पार्टी के विधायक दुर्गेश पाठक ने रविवार को राजेन्द्र नगर विधानसभा के दासघरा में डोर-टू-डोर कैम्पेन किया। इस दौरान उनके साथ राजेन्द्र नगर 141 वार्ड से निगम पार्षद आरती चावला और पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

आप विधायक दुर्गेश पाठक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इससे संबंधित तस्वीरें शेयर करते हुए पोस्ट किया है। दुर्गेश पाठक ने पोस्ट में कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कामों एवं उनकी लोकप्रियता से डरे हुए हैं और उनको अरेस्ट करके आम आदमी पार्टी को ख़त्म करना चाहते हैं।”

आप विधायक दुर्गेश पाठक ने कहा कि “आज अपने राजेन्द्र नगर विधानसभा के दासघरा में राजेन्द्र नगर वार्ड से निगम पार्षद आरती चावला और कार्यकर्ताओं के साथ “मैं भी केजरीवाल” अभियान चलाया गया, और घर-घर जाकर लोगों से पूछा गया कि अगर मोदी जी षड्यंत्र के तहत केजरीवाल को गिरफ्तार करते हैं तो उनको क्या करना चाहिए?”

दुर्गेश पाठक ने आगे कहा कि “क्या मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को इस्तीफ़ा दे देना चाहिए या फिर जेल से सरकार चलानी चाहिए? जिसके जवाब में अधिकांश लोगों ने कहा कि मुख्यमंत्री को इस्तीफ़ा नहीं देना चाहिए और जेल से सरकार चलानी चाहिए।”

बता दें कि ये अभियान 1 दिसंबर से शुरू है, जो 20 दिसंबर तक चलेगा। इस अभियान में आम आदमी पार्टी के सभी मंत्री, विधायक, पार्षद और पदाधिकारी दिल्ली के 2600 पोलिंग स्टेशनों में घर-घर जाएंगे और जनता से राय मांगेंगे कि अगर शराब घोटाला फर्जी केस में अरविंद केजरीवाल गिरफ्तार होते हैं तो क्या उन्हें दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना चाहिए या जेल से सरकार चलानी चाहिए? फिर 21 से 24 दिसंबर तक विधायक और पार्षद सभी वार्डों में जनसंवाद करके जनता की राय लेंगे।