तीन राज्यों में बीजेपी की शानदार जीत, पीएम मोदी ने कांग्रेस पार्टी को दी ये सलाह

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (03 दिसंबर 2023): 2024 लोकसभा चुनाव से पहले तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी ने बंपर जीत दर्ज की है। भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है इस बीच दिल्ली बीजेपी हेड क्वार्टर में जश्न समारोह का आयोजन किया गया। बीजेपी के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बीजेपी हेड क्वार्टर में गर्मजोशी के साथ अभिनंदन किया।

भाजपा राष्ट्रीय कार्यालय में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज हर एक फर्स्ट टाइम वोटर गर्व से कह रहा है ​कि वो खुद जीता है। इस जीत में हर महिला अपनी जीत देख रही है। इस जीत में बेहतर भविष्य का सपना देखने वाला हर युवा अपनी जीत देख रहा है। हर वो नागरिक इसे अपनी सफलता समझ रहा है, जो 2047 में भारत को एक विकसित राष्ट्र देखना चाहता है। आज हर गरीब कह रहा है- वो खुद जीता है।

पीएम मोदी ने कहा कि आज हर वंचित के मन में भावना है- वो खुद जीता है। आज हर किसान यही सोच रहा है- वो खुद जीता है। आज हर आदिवासी भाई-बहन ये सोचकर खुश है कि वो खुद जीता है। नारीशक्ति का विकास, भाजपा के विकास मॉडल का मुख्य आधार है। इसलिए इन चुनावों में महिलाओं ने, बहनों-बेटियों ने भाजपा को खूब आशीर्वाद दिया है। मैं आज पूरी विनम्रता से देश की हर बहन-बेटी को यही कहूंगा कि आपसे जो वादे भाजपा ने किए हैं, वो शत-प्रतिशत पूरे किए जाएंगे और ये मोदी की गारंटी है।

पीएम मोदी ने कहा कि आज देश के युवाओं में ये भरोसा लगातार बढ़ रहा है कि भाजपा ही उनकी आकाक्षाएं समझती है, उनके लिए काम करती है। देश का युवा ये जानता है कि भाजपा की सरकार युवा हितैषी होती हैं। युवाओं के लिए नए अवसर बनाने वाली होती है। आज, यह गरीबों, किसानों और हाशिये पर पड़े लोगों की आवाज़ है जो कहते है, ‘मैं जीत गया हूँ!’ ये जीत उनके लिए निजी है। ये जीत हर उस व्यक्ति की है जो 2047 में ‘विकसित भारत’ देखना चाहता है।

पीएम मोदी ने कहा कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा जी जिस प्रकार अपनी नीति-रणनीति को अमल में लाए, ये विजय उसका भी परिणाम है। चुनाव के दौरान उनके परिवार में दुखद घटना घटी, लेकिन उसके बावजूद नड्डा जी भाजपा कार्यकर्ता के रूप में दिन-रात डटे रहे। मैं तेलंगाना की जनता और तेलंगाना के भाजपा कार्यकर्ताओं का विशेष आभार व्यक्त करता हूं। हर चुनाव में तेलंगाना में भाजपा का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि मैं तेलंगाना के लोगों को ये विश्वास दिलाता हूं कि भाजपा आपकी सेवा में कोई कोर-कसर बाकी नहीं छोड़ेगी। जैसे-तैसे जीतने के लिए हवा-हवाई बातें करना और लोभ-लालच की घोषणाएं करना मतदाता पसंद नहीं करता। भारत का वोटर ये जानता है कि जब भारत आगे बढ़ता है, तो राज्य आगे बढ़ता है, हर परिवार का जीवन बेहतर होता है। इसलिए वो बीजेपी को चुन रहा है, लगातार चुन रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि ये चुनाव के नतीजे, कांग्रेस और उसके घमंडिया गठबंधन के लिए भी बहुत बड़ा सबक है। सबक ये है कि सिर्फ कुछ परिवारवादियों के मंच पर एक साथ आ जाने से देश का भरोसा नहीं जीता जा सकता। देश की जनता का दिल जीतने के लिए राष्ट्रसेवा का जो जज्बा होना चाहिए, वो घमंडिया गठबंधन में नहीं है। आज के ये नतीजे ऐसी पार्टियों के लिए सबक है कि केंद्र सरकार की गरीब कल्याण की योजनाओं और उनके लिए भेजे जा रहे फंड के बीच में मत आओ। वरना जनता आपको हटा देगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पार्टी को नसीहत देते हुए कहा कि लोकतंत्र के हित में, मेरी कांग्रेस और उसके साथियों को एक और सलाह है। कृपया करके ऐसी राजनीति ना करें जो देश विरोधी हो, जो देश को बांटने का, देश को कमजोर करने का काम करे। भाजपा केवल खोखले वादे नहीं करती है, बल्कि यह वितरण और प्रदर्शन सुनिश्चित करती है। भारत के मतदाता जानते हैं कि निस्वार्थ कार्य क्या है और कौन राष्ट्र की भलाई के लिए क्या काम करता है। आज की हैट्रिक ने दे दी है 2024 की हैट्रिक की गारंटी!

पीएम मोदी ने कहा कि मैं भाजपा कार्यकर्ताओं से भी कहूंगा प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता, नमो एप पर जाएं और कम से कम 10 लोगों को विकसित भारत का एंबेसडर बनाए। हमें आज एक ऐसी पीढ़ी तैयार करनी है, जिसका सपना हो विकसित भारत, जिसका संकल्प हो विकसित भारत। मोदी की गारंटी वाली गाड़ी, देश की सफलता की गारंटी बनेगी, ये भी मोदी की गारंटी है। आपको एक और बात याद रखनी है- जहां दूसरों से उम्मीद खत्म होती है, वहां से मोदी की गारंटी शुरु होती है। विधानसभा चुनाव के नतीजों ने पॉजिटिव एनर्जी का एक ऐसा प्रवाह शुरू किया है, जिसे आज पूरा देश महसूस कर रहा है। इस शक्ति ने विकसित भारत के लिए तैयार हुई नींव को और मजबूत कर दिया है।।