‘AAP भारतीय इतिहास में सबसे तेजी से बढ़ने वाली पार्टी है, ये किसी चमत्कार से कम नहीं है’: स्थापना दिवस पर दिल्ली CM केजरीवाल बोले

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (26 नवंबर 2023): आम आदमी पार्टी का आज 12वां स्थापना दिवस है। इस अवसर पर दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी के पार्टी के सभी साथियों, वालंटियर्स और देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी भारतीय इतिहास में सबसे तेजी से बढ़ने वाली पार्टी है, ये किसी चमत्कार से कम नहीं है। जनता के आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत से दो राज्यों में सरकार बनीं और दो और राज्यों में विधायक बने। आज देश के हर कोने में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता हैं।”

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि “पिछले 11 वर्षों में AAP को जितना AAP को निशाना बनाया गया है, भारत के इतिहास में किसी अन्य राजनीतिक पार्टी को इतना निशाना नहीं बनाया गया। इन्होंने 11 साल में हमारे खिलाफ 250 से ज्यादा फर्जी मामले हम पर किए हैं। देश की सभी एजेंसियों को आम आदमी पार्टी के पीछे लगा दिया गया। लेकिन उन्हें आज तक एक भी सबूत नहीं मिला। ये हमारी ईमानदारी का सबसे बड़ा सर्टिफिकेट है।”

अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि “मेरा दिल भारी है, यह पहला स्थापना दिवस है जब मनीष सिसोदिया, सत्येन्द्र जैन, संजय सिंह और विजय नायर हमारे साथ नहीं हैं। उन्हें झूठे मामलों में जेल में डाल दिया। भाजपा को दूसरी पार्टियों के नेताओं पर झूठे मामले पर झुकाना आता है, लेकिन उन्हें आम आदमी पार्टी को झुकाना नहीं पता। यह हम सब के लिए गर्व की बात है कि आज तक हमारा एक भी विधायक न बिका, न ही टूटा।” साथ ही उन्होंने कहा कि “आम आदमी पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता देश को बचाने के लिए सर्वोच्च बलिदान देने को तैयार है।”