नीतीश कुमार के बयान पर मचा सियासी बवाल, जेडीयू दफ्तर के बाहर बीजेपी कार्यकर्ताओं का जोरदार प्रदर्शन

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (11/11/2023): बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शर्मनाक बयान के खिलाफ और उनके इस्तीफा की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर मंतर स्थित जदयू कार्यालय के सामने दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में भाजपा पूर्वांचल मोर्चा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया और नीतीश कुमार का पुतला दहन किया।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री जी नारी शक्ति वंदन विधेयक पारित करवा कर भारत की महिला शक्ति का गौरव बढ़ा रहें हैं वहीं दूसरी ओर घमंडिया गठबंधन के महत्वपूर्ण नेता लोकतंत्र के मंदिर में माताओं बहनों का अपमान कर रहे हैं। सचदेवा ने कहा इतने बड़े घृणित बयान के लिए सिर्फ़ माफी मांगने के नाटक से महिलाओं के अपमान की भरपाई करना संभव नहीं है।

भाजपा देश के हर घर परिवार को इनके भद्दे चेहरे से अवगत कराएगी और नीतीश कुमार के इस्तीफा देने तक संघर्ष जारी रहेगा। महिलाओं का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान, नीतीश कुमार शर्म करो जेसे नारों के बीच भाजपा पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष नीरज तिवारी ने कहा कि जिस समय हमारी माताएं बहनें छठ पर्व की पावन तैयारी में लगी हुई हैं ऐसे समय में पवित्र सदन में महिलाओं के अपमान से हर भारतीय शर्मसार हो गया है।

उन्होंने राजद नेता तेजस्वी यादव और पूर्व मुख्य मंत्री श्रीमती राबड़ी देवी को ललकारते हुए कहा कि माता बहनों के लिए थोड़ा भी सम्मान बचा हुआ है तो अविलंब सरकार से समर्थन वापस ले। उन्होंने महामहिम राष्ट्रपति जी, महामहिम राज्यपाल जी से मांग किया कि जल्द से जल्द बिहार सरकार को बर्खास्त किया जाए। नारी शक्ति के सम्मान में भाजपा इस आंदोलन को जन जन तक ले जाएगी। पुतला दहन के दौरान पुलिस द्वारा अवरोध पैदा करने के दौरान पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष नीरज तिवारी सहित अनेकों लोग चोट लगने से घायल भी हो गए।।