जेल से ही सरकार चलाएंगे अरविंद केजरीवाल!, बीजेपी सांसद ने बोला जोरदार हमला

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (07 नवंबर 2023): भारतीय जनता पार्टी के सांसद मनोज तिवारी ने मंगलवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। मनोज तिवारी ने अरविंद केजरीवाल पर विधानसभा के पवित्र फ्लोर का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। साथ ही उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने खुद दिल्ली विधानसभा में माना कि वह अपराधी हैं। इसलिए वह जेल जाने से पहले वहां विदाई लेने के लिए गए थे।

दरअसल दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कल यानी सोमवार को दिल्ली विधानसभा में विधायकों के साथ की बैठक की। बैठक के बाद आम आदमी पार्टी के विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गिरफ्तार होते हैं तो वह इस्तीफा देने की बजाय जेल से ही सरकार चलाएंगे। साथ ही कहा कि बैठकों के लिए अधिकारी और मंत्री जेल में जाएंगे। इसे लेकर बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला है।

बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने एक्स पर कहा कि “गज़बे है अरविंद केजरीवाल जी, दिल्ली की विधानसभा में अपने विधायकों को बुला कर दिल्ली को पोल्युशन से कैसे बचाना है ये नही डिस्कस किया बल्कि ये चर्चा कर प्रस्ताव पास किया कि जेल जाने पर भी CM बना रहूँगा।”

मनोज तिवारी ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि “ख़ुद ही विधानसभा में माने कि अपराधी है इसलिए जेल जाने से पहले विदाई लेने गये थे आप? अरे कोई विभाग ही नहीं सँभालते हो आप तो कौन सा फाइल जेल में मँगवाने की बाते कर रहे थे?”

उन्होंने आगे कहा कि “अपने 2-2 कैबिनेट मंत्री से मीडिया में बयानवीर बनने से अच्छा होता कि दिल्ली NCR को पोल्युशन से कैसे मुक्ति दिलानी है , पंजाब में पराली ना जले उस पर चर्चा करते। पर आप क्यों करोगे? आपको जनता से क्या लेना?”