केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने राहुल गांधी पर किया पलटवार, कहा- ‘कांग्रेस हमेशा लालच की राजनीति करती है’

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (18 अक्टूबर 2023): भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस में राजनीति में वंशवाद को लेकर बयानबाजी शुरू हो गई है। दरअसल कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मंगलवार को मिजोरम में पत्रकार वार्ता में बीजेपी के वंशवाद की राजनीति के आरोपों पर जवाब देते हुए भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला था। साथ ही उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पर सवाल उठाए थे। तो वहीं आज केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के पर पलटवार किया है।

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने कहा कि “यह कहना कि अमित शाह के बेटे व अनुराग ठाकुर क्या करते हैं कुतर्क है। कांग्रेस के पास जवाब देने के लिए कुछ नहीं है। वे परिवारवाद, तुष्टिकरण, झूठ बोलने और भ्रम फैलाने के आदी हैं। कांग्रेस हमेशा लालच की राजनीति करती है।”

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा था कि “आख़िर अमित शाह का बेटा क्या कर रहा है? राजनाथ सिंह का बेटा क्या करता है? आखिरी बार मैंने सुना, अमित शाह का बेटा भारतीय क्रिकेट चला रहा है। अनुराग ठाकुर जैसे उनके(भाजपा) कई बच्चे वंशवादी हैं।”