इंडिया बनाम भारत विवाद पर बोले केजरीवाल – ‘ये देश के साथ गद्दारी है’

Arvind Kejriwal

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (05 सितंबर 2023): राष्ट्रपति भवन की तरफ से जी20 के निमंत्रण पत्र में ‘प्रेसीडेंट ऑफ इंडिया’ के जगह ‘प्रेसीडेंट ऑफ भारत’ लिखने पर विवाद शुरू हो गया है। इसे लेकर विपक्षी पार्टियां केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साध रहे हैं। इसी कड़ी में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला है।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज प्रेस कांफ्रेस के दौरान कहा कि “अगर किसी पार्टी का गठबंधन ‘INDIA’ बन जाता है तो वे (भाजपा) देश का नाम बदल देंगे? देश 140 करोड़ लोगों का है, किसी एक पार्टी का नहीं। अगर कल INDIA गठबंधन का नाम बदलकर भारत रख लिया जाता तो क्या वे (भाजपा) भारत का नाम भी बदल देंगे? भाजपा के वोट कम ना हो जाएं इसलिए वे ऐसा कर रहे हैं। यह देश के साथ गद्दारी है।”

आपको बता दें कि इस विवाद की शुरुआत कांग्रेस नेता जयराम रमेश के ट्वीट से हुई है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ट्वीट कर दावा किया कि “राष्ट्रपति भवन ने 9 सितंबर को जी20 डिनर के लिए भेजे गए निमंत्रण पत्र में ‘प्रेसीडेंट ऑफ इंडिया’ के बजाय ‘प्रेसीडेंट ऑफ भारत’ लिखा है। अब, संविधान में अनुच्छेद 1 पढ़ा जा सकता है कि “भारत, जो भारत था, राज्यों का एक संघ होगा।” लेकिन अब इस “राज्यों के संघ” पर भी हमला हो रहा है।”

उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा है, “मोदी इतिहास को विकृत करना और भारत को विभाजित करना जारी रख सकते हैं, जो भारत है, जो राज्यों का संघ है। लेकिन हम विचलित नहीं होंगे। आख़िर क्या है इंडिया पार्टियों का उद्देश्य? यह भारत है-सद्भाव, मैत्री, मेल-मिलाप और विश्वास लाओ। जुड़ेगा भारत, जीतेगा इंडिया!”