दिल्ली मेयर ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया, लोगों ने सुनाई अपनी व्यथा

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (16 जुलाई 2023): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ने के कारण अभी तक बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। वहीं कई इलाकों में भारी जलभराव है जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली MCD की मेयर डॉ. शेली ओबेरॉय ने रविवार को प्रियदर्शिनी कॉलोनी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया।

इस दौरान दिल्ली मेयर शैली ओबरॉय ने कहा कि “यहां लोगों ने हमें बताया है कि बाढ़ के दौरान उन्होंने आधार और मतदाता पहचान पत्र जैसे कई महत्वपूर्ण दस्तावेज खो दिए हैं। हम लोगों को आश्वासन देते हैं कि हम एक शिविर लगाएंगे ताकि वे जल्द ही ये सरकारी दस्तावेज बना सकें।”

बता दें कि यमुना का जलस्तर कम होना शुरू हो गया है, लेकिन अभी भी दिल्ली के कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। रविवार दोपहर 2 बजे बजे नदी का जलस्तर 205.78 मीटर दर्ज किया गया हैं।