अरविंद केजरीवाल ने रेलवे को लेकर केंद्र सरकार पर साधा निशाना, बीजेपी ने दिया जोरदार जवाब

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (18 जून 2023): दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रेलवे को लेकर रविवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जिससे ट्रेन नहीं चलती, वो देश कैसे चलाएगा? साथ ही अरविंद केजरीवाल ने सरकार पर रेलवे का बेड़ा गर्क करने का आरोप लगाया है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सरकार को अनपढ़ बताया है।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा है, “अच्छी ख़ासी चलती हुई रेलवे का इन्होंने बेड़ा गर्क कर दिया। आज AC कोच का भी अगर आप रिजर्वेशन लेंगे तो आपको बैठने या सोने के लिये सीट नहीं मिलेगी। AC और स्लीपर कोच जनरल से ज़्यादा बदतर हो गये हैं। इन्हें सरकार चलानी ही नहीं आती। इन्हें समझ ही नहीं है। अनपढ़ सरकार है। हर क्षेत्र को बर्बाद कर रहे हैं।” उन्होंने अन्य ट्वीट कर केंद्र की मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि “जिससे ट्रेन नहीं चलती, वो देश कैसे चलाएगा?”

वहीं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस ट्वीट को रिट्वीट करते हुए बीजेपी दिल्ली ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। बीजेपी दिल्ली ने ट्विटर पर वीडिओज़ क्लिप को शेयर करते हुए कहा कि “सही कहा केजरीवाल, तुम्हे सरकार चलानी नहीं आती। तुम्हे बस झूठ बोलना, झांसा देना, प्रचार करना और आरोप लगाना आता है वरना दिल्ली की इतनी बुरी हालत न होती।”

बता दें कि बीजेपी दिल्ली ने वीडिओ क्लिप में शराब के ठेके, बदहाल मोहल्ला क्लिनिक, यमुना में तैरता झाग, पीने के लिए जहरीले पानी, DTC बसों में लगती आग, टीन शेड का स्कूल, टूटी सड़कें और जलभराव की समस्या को दिखाया है।