अरविंद केजरीवाल के कानून व्यवस्था वाले ट्वीट पर केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कह दी ये बात

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (18 जून 2023): दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के ट्वीट पर केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने जवाब देते हुए कहा कि मैं दिल्ली के लोगों को याद दिलाना चाहती हूं कि दिल्ली दंगों के पीछे आप के नेता थे, इसलिए हम कानून व्यवस्था ऐसे लोगों के हाथ में नहीं छोड़ सकते। दरअसल दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आरके पुरम घटना को लेकर ट्वीट किया था और कहा था कि अगर दिल्ली की क़ानून व्यवस्था उपराज्यपाल की बजाय ‘आप’ सरकार के अधीन होती तो दिल्ली सबसे सुरक्षित होती।

मीनाक्षी लेखी ने कहा कि “पूरी दिल्ली की जनता को याद दिलाना चाहती हूं कि केजरीवाल वही लोग है, जिसके एमएलए ने दिल्ली दंगों करवाए थे और यहां तक कि अंकित जो आईबी का अफसर था उसकी हत्या का भी जिम्मेदार यही लोग हैं। तो ऐसे लोगों के हाथों में क्या न्याय व्यवस्था दी जा सकती है।”

उन्होंने आगे कहा कि “जो दुर्भाग्यपूर्ण घटना आरके पुरम में घटी है, वो आपसी रंजिश की वजह से घटी है। वहां पर सरकार का रोल नहीं होता है।” उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि “मैं अगर इसी वक्त किसी को मारने चली जाऊं या कोई मुझे मारने आ जाए तो उसमें तो सरकार नहीं रोक सकती।”

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा था, “दोनों महिलाओं के परिवारों के साथ हमारी संवेदनायें। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें। दिल्ली के लोग अपने आप को बहुत असुरक्षित महसूस करने लगे हैं। जिन लोगों को दिल्ली की क़ानून व्यवस्था सँभालनी है, वो क़ानून व्यवस्था ठीक करने के बजाय पूरी दिल्ली सरकार पर क़ब्ज़ा करने के षड्यंत्र कर रहे हैं। आज अगर दिल्ली की क़ानून व्यवस्था LG की बजाय “आप” सरकार के अधीन होती तो दिल्ली सबसे सुरक्षित होती।”

बता दें कि दिल्ली के आरके पुरम थाना क्षेत्र के अंबेडकर बस्ती इलाके में अज्ञात हमलावरों ने रविवार सुबह दो महिलाओं की गोली मारकर हत्या कर दी। ज़ख्मी हालत में दोनों को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मृत्यु हो गई। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान अर्जुन, माइकल और देव के रूप में हुई है। मृतकों की पहचान 30 वर्षीय पिंकी और 29 वर्षीय ज्योति के रूप में हुई है।