चक्रवाती तूफान के मद्देनजर पीएम ने बुलाई समीक्षा बैठक, इन जगहों पर होगा तूफान का असर

टेन न्यूज नेटवर्क

दिल्ली (12 जून 2023): चक्रवाती तूफान ‘बिपरजॉय’ ने खतरनाक रूप ले लिया है। मौसम विभाग ने अलर्ट भी जारी किया है। 15 जून तक इसके सौराष्ट्र और कच्छ तट तक पहुंचने की संभावना है। इसमें 150 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चल सकती है। गुजरात और महाराष्ट्र में असर दिखने लगा है। मुंबई से लेकर केरल तक तेज हवाएं चल रही हैं। समुद्र के बीच से ऊंची लहरें उठकर किनारे से टकरा रही हैं।

तूफान की स्थिति को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सोमवार, 12 जून को एक बजे बैठक बुलाई है, जिसमें वे तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

चक्रवाती तूफान बिपरजॉय की चेतावनी के बीच कांडला पोर्ट को खाली कराया गया है। जहाजों को समुद्र में भेजा गया है। कच्छ तटों के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। मुंबई एयरपोर्ट पर फ्लाइट के संचालन में भी दिक्कतें आई हैं। रविवार देर रात कई फ्लाइट देरी से उड़ीं, जबकि कई को रद्द करना पड़ा। एयर इंडिया ने ट्वीट कर बताया कि खराब मौसम की स्थिति और मुंबई हवाई अड्डे पर रनवे 09/27 के अस्थायी रूप से बंद होने के चलते हमारी कुछ उड़ानें विलंबित और रद्द हो गई हैं। हमें अपने मेहमानों को हुई असुविधा के लिए खेद है।।