विपक्षी एकजुटता में जुटे नीतीश कुमार | 2024 लोकसभा चुनाव को लेकर कही ये बातें

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (18/02/2023): बिहार की राजधानी पटना में आज शनिवार को CPI-M का 11वें जनरल कन्वेंशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा है। इस दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक बार फिर विपक्षी एकजुटता की बात कही। तो वहीं उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि अगर कोई भी भाजपा के खिलाफ बोलता है तो उस पर छापे मरवाया जाता है और उन्हें जेल भेजवाया जाता है और अगर आप भारतीय जनता पार्टी के साथ रहते है तो आप हरिश्चंद्र कहलाएंगे।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि “हम इंतज़ार कर रहे हैं बस आप लोग (कांग्रेस) जल्दी फैसला लें। अगर मेरा सुझाव मानें और सब साथ मिलकर लड़ें तो ये (भाजपा) 100 से नीचे जाएंगे लेकिन अगर मेरा सुझाव नहीं मानेंगे तो क्या होगा वो आप जानिए।”

इस मौके पर बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि “आज देश का माहौल और परिस्थिति ऐसी है कि भाजपा के खिलाफ बोलने पर आप पर छापे मारे जाएंगे, चरित्र हनन किया जाएगा, छवि को बिगाड़ा जाएगा या जेल भेजा जाएगा और अगर आप भाजपा के साथ रहोगे तो आप हरिश्चंद्र कहलाएंगे।”

तेजस्वी यादव ने कहा कि “BJP के साथ रहने पर आप पर कितना भी दाग लगा होगा वाशिंग मशीन के अंदर साफ कर दिया जाएगा। आप सब लोग देश के संविधान को बचाने के लिए लड़ रहे हैं इसलिए हम आप सबको धन्यवाद देते हैं।”