राजधानी दिल्ली हुई शर्मशार! 3 साल की मासूम बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (04/02/2023): देश की राजधानी दिल्ली में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। दिल्ली के फतेहपुरी बेरी में 3 साल की मासूम बच्ची के साथ दो लोगों ने कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी के विधायक दुर्गेश पाठक ने ट्वीट कर उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना पर निशाना साधा है। साथ ही उन्होंने कानून व्यवस्था को लेकर उपराज्यपाल को ध्यान देने को कहा है।

आप विधायक दुर्गेश पाठक ने ट्वीट कर कहा कि “LG साहब, दिल्ली सरकार के कामों में अड़ंगा डालने से फुरसत मिल गई हो तो दिल्ली की कानून व्यवस्था पर भी ध्यान दे लीजिए।” उन्होंने उपराज्यपाल से सवाल करते हुए कहा कि “कैसे कोई देश की राजधानी दिल्ली में 3 साल की मासूम बच्ची के साथ हैवानियत कर सकता है? क्या आपका सिर शर्म से नहीं झुक रहा है?”

देश की राजधानी में 3 साल की मासूम बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। शुक्रवार सुबह 3 साल की मासूम बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। इस दौरान वह लापता हो जाती है। जब मां बेटी की तलाश में जंगल की ओर गई, तब उसे बेटी लहुलहान हालत में मिली। इसके बाद महिला ने अपने पति को बताया और इस मामले में गैंगरेप की शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी शादीशुदा हैं। वहीं मासूम बच्ची को इलाज के लिए दिल्ली AIIMS में भर्ती कराया गया है। दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना फतेहपुर बेरी थाना क्षेत्र की है।