कंझावला केस: हादसे के वक्त मृतका के साथ थी एक और लड़की, जांच में कर रही है सहयोग

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (03/01/2023): दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में रविवार को एक कार ने स्कूटी सवार एक 20 वर्षीय अंजली को कथित तौर पर टक्कर मार दी और फिर 10 से 12 किलोमीटर तक उसे घसीटते ले गई। इस दर्दनाक हादसे में अंजली की मौत हो गई। इस मामले में दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी सागर प्रीत हुड्डा ने आज यानी मंगलवार को जांच में सामने आए नए तथ्यों का खुलासा किया।

उन्होंने कहा कि सुल्तानपुरी की घटना में एक नया तथ्य सामने आया है, जिसके अनुसार घटना के वक्त मृतका के साथ एक और लड़की थी। उसके मुताबिक घटना के समय वो थी और उसे कोई चोट नहीं आई थी और वो उठ कर वहां से चली गई थी। अब हमारे पास एक चश्मदीद है।

उन्होंने आगे कहा कि वे पुलिस का सहयोग कर रही है। उसका बयान लिया जा रहा है। ये आरोपियों को सजा दिलाने में महत्वपूर्ण साबित होगा। जांच जारी है। दिल्ली पुलिस जल्द ही जांच पूरी कर लेगी। अपराधियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।

 

इससे पहले होटल मैनेजर का बयान सामने आया है जिसने मृतका की मौत से कुछ घंटे पहले का वाकया बताया। उन्होंने बताया कि “वो दोनों बहस कर रही थीं तब नाइट वाले मैनेजर ने उनको कहा कि लड़ो मत फिर वो नीचे जाकर लड़ने लगीं। नीचे जब वो लड़ रही थीं तो आस-पड़ोस वालों ने भी उन्हें रोका जिसके बाद वो स्कूटी पर बैठकर चली गई।”

दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, “पुलिस ने कुछ लड़कों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है जो एक होटल में लड़कियों के साथ देखे गए थे। लड़कों का अलग कमरा बुक था और होटल स्टाफ ने उन्हें लड़की से बात करते देखा था।”

बता दें कि इस मामले में पुलिस ने पांचों आरोपी मनोज मित्तल, दीपक खन्ना, अमित खन्ना, कृष्ण और मिथुन को गिरफ्तार किया है और आरोपियों के खिलाफ 304, 304ए, 279, 120बी धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है।