नीतीश कुमार पर बरसे भाजपा अध्यक्ष जे.पी.नड्डा, जनता को धोखा देने का लगाया आरोप

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (03/01/2023): भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा एक सभा को संबोधित करने बिहार दौरे पर हैं। सभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला किया। उन्होंने नीतीश कुमार पर बिहार की जनता को धोखा देने का आरोप लगाया है।

जे.पी.नड्डा जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वैशाली की धरती को मेरा सादर नमन। यहां उपस्थित भीड़ ये स्पष्ट रूप से बता रही है कि बिहार बदलाव चाहता है और नई उमंग के साथ चाहता है। जो संकल्प आपने लिया है वही भारतीय जनता पार्टी का भी है।

उन्होंने कहा कि तमाम विपरीत परिस्थितियों में भी भारत को बढ़ाने का काम किया है तो प्रधानमंत्री मोदी जी ने किया है। अमेरिका और यूरोप में भी कोरोना टीकाकरण पूरा नहीं हो पाया है जबकि भारत में 220 करोड़ से अधिक टीके लग चुके हैं। मोदी जी के कारण ही ये कवच भारत की जनता को मिला है।

उन्होंने कहा कि आज हजारों करोड़ रुपये के पुल बिहार में बन रहे हैं। ये बिहार की तस्वीर और तकदीर, दोनों को बदल डालेंगे। ये सब काम शुरू हुए मोदी जी के नेतृत्व में। लेकिन अब एक समस्या है, हम ऊपर से तो लक्ष्मी भेज देंगे लेकिन अगर नीचे जंगलराज हो तो काम नहीं हो पाता, विकास थम जाता है।

उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला करते हुए कहा कि नीतीश जी ने जो फैसला लिया वो उनको मुबारक, लेकिन उन्होंने बिहार की जनता को धोखा दिया है, जनादेश का अनादर किया है। उनको प्रजातांत्रिक तरीके से इसका जवाब दिया जाएगा। हम कुर्सी पर बैठने के लिए नहीं, बिहार का विकास करने के लिए सत्ता में थे।