‘भाजपा की बौखलाहट ने देश को ये संदेश दिया है कि 2024 का चुनाव AAP Vs BJP होगा’: आप सांसद संजय सिंह

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (19/08/2022): दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के घर पर आज सुबह सीबीआई ने छापा मारा है। इसे लेकर आज सुबह से आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी में आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है। वहीं दोनों पार्टियों के नेता लगातार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एक दूसरे पर निशाना साध रहे हैं। वहीं आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि भारतीय जनता पार्टी की बौखलाहट ने देश को ये संदेश दिया है, कि 2024 का चुनाव भारतीय जनता पार्टी बनाम आम आदमी पार्टी होगा।

उन्होंने कहा कि आज सुबह से भारतीय जनता पार्टी के नेता सारा काम छोड़कर अरविंद केजरीवाल को टारगेट कर रहे हैं। आज उनके पास एक ही काम है कि अरविंद केजरीवाल को टारगेट करो। उनके खिलाफ बोलो और मुहिम छेड़ दो।जितनी कार्रवाई और कोशिश हो सकता है करो। उन्होंने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी की बौखलाहट ने देश को ये संदेश दिया है, कि 2024 का चुनाव भारतीय जनता पार्टी बनाम आम आदमी पार्टी होगा। आज की घटना और मोदी जी की बौखलाहट से ये साबित हो गया है कि 2024 का चुनाव मोदी वर्सेस केजरीवाल होगा।

उन्होंने कहा कि केजरीवाल के गुजरात पहुंचते ही मोदी ‘फ्री की रेवड़ी’ बोलकर हमलावर होते हैं। जब केजरीवाल जी देश को बताते हैं कि मोदी जी ने दोस्तों को लाखों करोड़ की ‘फ्री की रेवड़ी’ दी तो ये CBI-ED लगा देते हैं। इससे ये साबित हो गया कि 2024 का चुनाव भारतीय जनता पार्टी वर्सेस आम आदमी पार्टी होगा होगा।

उन्होंने पेड न्यूज पर भारतीय जनता पार्टी पर हमला करते हुए कहा कि अनपढ़ों की जमात भारतीय जनता पार्टी, पेड न्यूज का प्रोपेगेंडा फ़ैला रही है। उन्होंने कहा कि खलीज टाइम्स ने साफ़ लिखा है कि ये ख़बर न्यू यॉर्क टाइम्स के सौजन्य से छापी है। लाज़िमी है भाषा और फ़ोटो भी वही रहेगा।।