राष्ट्रपति को ‘राष्ट्रपत्नी’ कहने पर घिरे कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी, स्मृति ईरानी ने दी नसीहत

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (28/07/22): सड़क से लेकर संसद तक इन दिनों राजनीतिक संग्राम मचा हुआ है। कांग्रेस पार्टी महंगाई जीएसटी एवं अग्निपथ समेत कई योजनाओं पर सरकार को लगातार घेरने की कोशिश कर रही है। सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी की लगातार ईडी में पेशी चल रही है। इसे लेकर कांग्रेस पार्टी सड़क से संसद तक संग्राम कर रही है। कल विजय चौक पर सोनिया गांधी के समर्थन में बैठे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के एक निजी चैनल पर राष्ट्रपति को ‘राष्ट्रपत्नी’ बता दिया।

बीजेपी अब इस मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी को लगातार घेरने की कोशिश कर रही है। आज श्रीमती ईरानी ने कहा की द्रौपदी मुर्मू जी की जब से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में घोषणा हुई है, तबसे लेकर श्रीमती द्रौपदी मुर्मू कांग्रेस पार्टी की घृणा और उपहास का केंद्र बनी हुई हैं। उम्मीदवार के रूप में कांग्रेस पार्टी ने द्रौपदी मुर्मू जी को कठपुतली कहा, अशुभ और अमंगल का प्रतीक कहा।

 

स्मृति ईरानी ने कहा की एक ऐतिहासिक चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस आज भी इस बात को स्वीकार नहीं कर पा रही है कि एक आदिवासी गरीब महिला देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद को सुशोभित कर रही है। सोनिया गांधी जी द्वारा नियुक्त नेता सदन अधीर रंजन जी ने द्रौपदी मुर्मू जी को राष्ट्र की पत्नी के रुप में संबोधित किया। ये जानते हुए भी कि ये संबोधन भारत के हर मूल्य, हर संस्कार के विरुद्ध है। ये संबोधन उस सर्वोच्च संवैधानिक पद की गरिमा के खिलाफ है, तब भी कांग्रेस के इस पुरुष नेता ने ये घृणित कार्य किया।

देश और दुनिया जानती है कि कांग्रेस आदिवासी विरोधी, गरीब विरोधी और महिला विरोधी है। लेकिन कांग्रेस का इस हद तक गिर जाना कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन एक आदिवासी और गरीब परिवार की महिला का इस प्रकार अनादर करना, उनकी गरीमा पर प्रहार करना। कांग्रेस ने सोनिया जी की अध्यक्षता में ये संस्कार और मूल्यविहीन एवं संविधान को चोट पहुंचाने वाला काम किया है। संसद में और सड़क पर कांग्रेस और उनके नेताओं को देश की प्रथम नागरिक, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी और देश से माफी मांगनी चाहिए।