जर्मनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, आपातकाल लोकतांत्रिक इतिहास में एक काला धब्बा, लोकतंत्र को कुचलने की कोशिश हुई

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (27/06/2022): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के लिए जर्मनी दौरे पर हैं। उन्होंने कल रविवार को म्यूनिख में एक सामुदायिक कार्यक्रम में शामिल हुए हैं। इस दौरान उन्होंने भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए आपातकाल को भारत के जीवंत लोकतांत्रिक इतिहास में एक काला धब्बा बताया है। इसके अलावा उन्होंने औद्योगिक क्रांति, बिजली, सड़क, गैस कनेक्शन, वैक्सीन और जलवायु परिवर्तन के बारे में भी जिक्र किया है।

उन्होंने कहा कि आज का दिन 26 जून एक और वजह से जाना जाता है। जो लोकतंत्र हमारा गौरव है, जो लोकतंत्र हर भारतीय के DNA में है, आज से 47 साल पहले इसी समय उस लोकतंत्र को बंधक बनाने, लोकतंत्र को कुचलने का प्रयास किया गया था।

उन्होंने कहा कि आपातकाल का कालखंड भारत के जीवंत लोकतांत्रिक इतिहास में एक काले धब्बे की तरह है। लेकिन इस काले धब्बे पर सदियों से चली आ रही लोकतांत्रिक परंपराओं की श्रेष्ठता भी पूरी शक्ति के साथ विजय हुई। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत के लोगों ने लोकतंत्र को कुचलने की सारी साजिशों का जवाब, लोकतांत्रिक तरीके से ही दिया। हम भारतीय कहीं भी रहें, अपने लोकतंत्र पर गर्व करते हैं। हर हिंदुस्तानी गर्व से कहता है, भारत मदर ऑफ डेमोक्रेसी है।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भी आपातकाल का जिक्र किया था और आज की पीढ़ी के नौजवानों से सवाल करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा था।