दिल्ली की सभी सातों सीटों पर बीजेपी की करारी हार होगी और इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी: संजय सिंह

टेन न्यूज नेटवर्क

पूर्वी दिल्ली (04 मई 2024): पूर्वी दिल्ली से आम आदमी पार्टी के सांसद प्रत्याशी कुलदीप कुमार के नामांकन में जनसमर्थन जुटाने आप सांसद संजय सिंह पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से भी बातचीत की।

सांसद संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोकतंत्र के अंदर एक बहुत बड़ा उदाहरण पेश किया है। अरविंद केजरीवाल ने बाबा साहब के संविधान के प्रति अपनी आस्था जताते हुए पूर्वी दिल्ली लोकसभा की समान्य सीट से एक वंचित दलित समाज से आने वाले कुलदीप कुमार को चुनाव लड़ाया है। आज जिस तरह से भाजपा बाबा साहब के संविधान, आरक्षण, लोकतंत्र और चुनाव को खत्म करने की कोशिश कर रही है, एक निर्वाचित मुख्यमंत्री को जेल में डाल दिया है। यह सही समय है कि जनता जेल का जवाब वोट से देगी और भाजपा की दिल्ली की सातों सीटों पर करारी हार होगी और इंडिया गठबंधन जीतेगा। देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी। इंडिया गठबंधन को 300 से ज्यादा सीटें आएंगी।

संजय सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने देश के लोगों से जो वादा किया है, वो पूरा करेंगे। दिल्ली में अभी 200 यूनिट बिजली सबको फ्री मिलती है। इंडिया गठबंधन की सरकार बनने के बाद पूरे देश के लोगों को 200 यूनिट बिजली फ्री मिलेगी। 18 साल से अधिक उम्र की माताओं-बहनों को एक हजार रुपए दिया जाएगा। युवाओं को जब तक रोजगार नहीं मिलता है, तब तक उनको एक हजार रुपए बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। किसानों को प्रतिमाह एक हजार रुपए दिए जाएंगे और उनको स्वामीनाथ आयोग की सिफारिशों के आधार पर एमएसपी का कानून लगाू किया जाएगा।

सांसद संजय सिंह ने राहुल गांधी को रायबरेली से नामांकन दाखिल करने पर बधाई देते हुए कहा कि राहुल गांधी बड़े अंतर से चुनाव जीतेंगे। उत्तर प्रदेश में भी इंडिया गठबंधन की सीटें आएंगी। अखिलेश यादव और राहुल गांधी की पार्टी उत्तर प्रदेश में चुनाव जीतेगी। आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश में चुनाव नहीं लड़ रही है, लेकिन हमारे कार्यकर्ता भी इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं, उनका सहयोग कर रहे हैं।

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन दिल्ली / नई दिल्ली की दस महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल को प्रतिदिन विजिट करे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे । नई दिल्ली / राष्ट्रीय  विडियो न्यूज़ देखने के लिए टेन न्यूज इंडिया यूट्यूब चैनल को ज़रूर सब्सक्राइब करे।