दिल्ली के राजेन्द्र नगर उपचुनाव में आप उम्मीदवार की जीत, केजरीवाल ने राजेंद्र नगर के जनता का किया दिल से आभार व्यक्त

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (26/06/2022): दिल्ली के राजेन्द्र नगर उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार दुर्गेश पाठक ने जीत दर्ज की है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस जीत के लिए राजेंद्र नगर के जनता का दिल से आभार व्यक्त किया है और उन्होंने राजेंद्र नगर के जनता का धन्यवाद दिया है। वहीं आम आदमी पार्टी के नेताओं ने आप नेता दुर्गेश पाठक को बधाई दिया। और इस ऐतिहासिक जीत के लिए आप नेताओं ने दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के कामों को जिम्मेदार ठहराया है। आप नेताओं ने कहा कि जनता ने अरविंद केजरीवाल के कामों पर वोट डाला है।

अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट में लिखा है, “राजेंद्र नगर के लोगों का दिल से आभार। दिल्ली के लोगों के इस अथाह स्नेह और प्रेम का मैं आभारी हूँ। यही हमें और मेहनत एवं सेवा करने की प्रेरणा देता है। लोगों ने उनकी गंदी राजनीति को हराया और हमारे अच्छे काम को सराहा। शुक्रिया राजेंद्र नगर, शुक्रिया दिल्ली।”

उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट में लिखा है, “ये अरविंद केजरीवाल जी के प्रति देश भर में बढ़ रहे प्यार का असर है कि बीजेपी अपनी पूरी केंद्र सरकार की ताक़त लगाकर भी उनको जनता के दिल से नहीं निकाल पा रही है।” उन्होंने इससे पहले दुर्गेश पाठक को बधाई देते हुए ट्वीट किया था, “प्यारे भाई दुर्गेश पाठक को राजेंद्र नगर विधानसभा से विधायक चुने जाने पर बहुत बहुत बधाई। AAP के सभी कार्यकर्ता साथियों को भी जीत की बधाई। दिल्ली की जनता के दिल में अरविंद केजरीवाल जी का जलवा है।”

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने ट्वीट में लिखा है, “राजेन्द्र नगर विधानसभा उपचुनाव में जीत पर दुर्गेश पाठक जी को हार्दिक बधाई एवं सभी क्रांतिकारी साथियों की मेहनत को सलाम। यह केजरीवाल गवर्नेन्स मॉडल की जीत है।”

आम आदमी पार्टी के राज्य सभा सांसद संजय सिंह ने दुर्गेश पाठक को बधाई देते हुए ट्वीट में लिखा है, “मेहनत का फल ज़रूर मिलता है ये बात दुर्गेश पाठक ने साबित कर दी। पिछले ११ वर्षों से सब कुछ त्याग कर दिन रात संगठन के लिए काम करने वाले भाई दुर्गेश पाठक को राजेन्द्र नगर से मिली भारी जीत की बधाई। जनता ने अरविंद केजरीवाल जी के कार्यों पर वोट की झोली भर दी।”