‘3 कूड़े के पहाड़’ दिल्ली में बीजेपी की सबसे बड़ी उपलब्धि: आप नेता दुर्गेश पाठक

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (10/04/2022): आम आदमी पार्टी के नेता दुर्गेश पाठक ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली में एक और कूड़े का पहाड़ बनाने के लिए बीजेपी ने केंद्र की डीडीए से गाज़ीपुर पेपर मील की जमीन मांगी है। दरअसल आज उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी शासित एमसीडी की पूरी दिल्ली के अंदर तीन बड़ी उपलब्धि है। पहला भलस्वा लैंडफिल साइट दूसरा ओखला और तीसरा ईस्ट दिल्ली में गाज़ीपुर लैंडफिल साइट है। उन्होंने कहा कि 15 साल के अंदर उन्होंने दिल्ली को तीन बड़े-बड़े कूड़े के पहाड़ गिफ्ट किए हैं जो कि उनके भ्रष्टाचार और उनकी अक्षमता का जीते-जागते सबूत है।

उन्होंने कहा कि 2017 में मनोज तिवारी ने कहा कि यदि उनकी सरकार बनती है तो 1 साल के अंदर तीनों लैंडफिल साइट को खत्म कर देंगे और वहां पर कोई कूड़ा रहने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि ये उन्होंने मेनिफेस्टो में भी लिखा था और दिल्ली की जनता से वादा भी किया था। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य यह है कि तीनों लैंडफिल साइट खत्म करने की बजाय भारतीय जनता पार्टी ने केंद्र सरकार से दिल्ली के अंदर एक और जमीन की मांग की है जहां पर वह कूड़ा का लैंडफिल साइट बनाना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि गाज़ीपुर पेपर मील प्रस्ताव में उन्होंने डीडीए और केंद्र सरकार से जमीन की मांग की है ताकि दिल्ली में वह चौथा लैंडफिल साइट तैयार कर सकें। उन्होंने कहा कि दिल्ली में तीन कूड़े के पहाड़ पहले से है लेकिन भारतीय जनता पार्टी दिल्ली में चौथा कूड़ा का पहाड़ तैयार करने जा रही है जो दिल्ली की जनता के साथ धोखा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि तीनों लैंडफिल साइट का पैसा उन्होंने खा लिए हैं और उनसे यह साफ तो हुआ नहीं अब चौथा लैंडफिल साइट बनाने की मांग की हैं। उन्होंने कहा कि हम इसका विरोध करेंगे इसके लिए अगर दिल्ली की सड़कों पर एक-एक व्यक्ति को उतारना पड़े तो हम उतारेंगे। उन्होंने कहा कि हम बहुत बड़ा आंदोलन करेंगे यदि भारतीय जनता पार्टी इस प्रस्ताव को वापस नहीं लेती है।