10 जनवरी को विश्व हिंदी दिवस मनाया जाता है, जाने इसके इतिहास के बारे में

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (10/01/2022): आज विश्व हिंदी दिवस है। हर साल 10 जनवरी को विश्व हिंदी दिवस मनाया जाता है। विश्व हिंद दिवस मनाने का उद्देश्य पूरे विश्व में हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार के लिए जागरूकता फैलाना है और हिन्दी को अन्तराष्ट्रीय भाषा के रूप में पहचान दिलाना है।

पहली बार विश्व हिंदी दिवस वर्ष 2006 में भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा 10 जनवरी को मनाया गया था। तब से हर वर्ष 10 जनवरी को विश्व हिंदी दिवस रूप में मनाने की घोषणा की गयी। इसके बाद हर वर्ष हिंदी दिवस को आज के दिन मनाया जाता है।

ट्विटर पर लगातार विश्व हिंदी दिवस पर #विश्वहिंदीदिवस, #HindiDiwas और #WorldHindiDay ट्रेंड कर रहा है। लोग विश्व हिंदी दिवस पर तरह तरह की प्रतिक्रियाएं शेयर कर रहे हैं और विश्व हिंदी दिवस की शुभकामनाएँ दे रहे हैं।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विश्व हिंदी दिवस पर लिखा है “भाषा भावना है जो हमें एकता के सूत्र में पिरोती है। भाषा हमारी गौरवशाली संस्कृति और परंपराओं की संवाहक है। भाषा हमें अपने समृद्ध अतीत से जोड़ने और सुनहरे भविष्य के सामूहिक लक्ष्य निर्धारित करने का सशक्त माध्यम है। विश्व हिंदी दिवस की शुभकामनाएं।”

वहीं केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने “भारत को एकता की डोर में बाँधने का काम करने वाली एवं देश में सर्वाधिक बोली जाने वाली हिंदी भाषा को समर्पित #विश्वहिंदीदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।”

बता दें कि विश्व हिंदी दिवस 1975 में आयोजित पहले विश्व हिंदी सम्मेलन की वर्षगांठ को चिह्नित करने के लिए प्रतिवर्ष 10 जनवरी को विश्व हिंदी दिवस मनाया जाता है। पहले विश्व हिंदी सम्मेलन का उद्घाटन तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने की थी। 1975 से विभिन्न देशों जैसे संयुक्त राज्य अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम, मॉरीशस, त्रिनिदाद और टोबैगो ने विश्व हिंदी सम्मेलन का आयोजन किया था।