टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (25 नवंबर, 2024): आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सोमवार को गौतम अडानी और उनके समूह पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर राज्यसभा में नियम 267 के तहत नोटिस दिया। उन्होंने अमेरिकी अदालत में अडानी समूह के खिलाफ चल रहे भ्रष्टाचार के मामले पर चर्चा की मांग की।
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और अडानी समूह के बीच गहरे रिश्तों के कारण देश में पूंजीवाद बढ़ रहा है। इससे अमीर और गरीब के बीच की खाई चौड़ी हो रही है। उन्होंने कहा कि यह भ्रष्टाचार सिर्फ एक उद्योगपति तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे देश की अर्थव्यवस्था और संविधान पर गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर इस मामले को दबाने का आरोप लगाया और कहा कि सरकार दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही। संजय सिंह ने यह भी दावा किया कि केंद्र सरकार अडानी समूह को फायदा पहुंचाने के लिए राज्य सरकारों पर दबाव बनाती रही है।
उन्होंने अमेरिका की अदालत में चल रहे मामले का जिक्र करते हुए भारत में भी इसी तरह की जांच की मांग की। संजय सिंह ने कहा कि इस गंभीर मुद्दे पर सदन में अन्य सभी कार्य रोककर चर्चा की जानी चाहिए ताकि देश की जनता को सच पता चल सके।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन दिल्ली की दस महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल को विजिट करे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। दिल्ली की विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS INDIA यूट्यूब चैनल’ को ज़रूर सब्सक्राइब करे।